MP में व्यापारी के घर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे 10 करोड़ रुपए; लगाई कई आरोप
एसपी ने बताया कि मंगलवार को आए एक फोन कॉल में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद बुधवार को भी पीड़ित परिवार को विदेशी नंबरों से कई फोन कॉल आए, हालांकि परिवार ने उन्हें न उठाते हुए नजरअंदाज कर दिया।

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक व्यापारी के घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलीबारी करने के बाद 10 करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग करने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि इस वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की गई, जिसमें जिम्मेदारी लेने वाले शख्स ने अपना संबंध लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से होना बताया। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय व्यापारी दिलीप राठौर और उनका परिवार इंदौर में था। जिसके बाद एहतियात के तौर पर राठौर के घर पर सुरक्षा तैनात कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवींद्र वर्मा ने वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि दिलीप राठौर के बेटे सत्येंद्र की शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान गोलीबारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वीडियो भेजकर दी धमकी, मांगे 10 करोड़ रुपए
पुलिस को प्राप्त शिकायत के अनुसार, गोलीबारी की इस घटना के बाद सत्येंद्र और उनके पिता को वॉट्सऐप पर संदेश और धमकी भरे ऑडियो क्लिप भी मिले। जिसमें आरोपियों ने गोलीबारी का वीडियो भेजते हुए 10 करोड़ रुपए की मांग की और कथित तौर पर घर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी।

बुधवार को भी विदेशी नंबरों से आते रहे कॉल
एसपी वर्मा ने बताया कि मंगलवार को आए एक फोन कॉल में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं पीड़ित परिवार को बुधवार को भी विदेशी नंबरों से कई फोन कॉल आए, हालांकि परिवार ने उन्हें न उठाते हुए नजरअंदाज कर दिया। इस बारे में सत्येंद्र ने बताया कि 18 मार्च को भी विदेशी नंबरों से लगातार कॉल आते रहे, जिन्हें उन्होंने और उनके पिता ने रिसीव नहीं किया।
सत्येंद्र के मुताबिक, 16 मार्च को उनका परिवार इंदौर गया हुआ था। वीडियो मिलने के बाद जब उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर पर फायरिंग करते नजर आए। उनका दावा है कि भेजा गया वीडियो और सीसीटीवी फुटेज एक जैसे हैं। इस घटना की पुष्टि मजदूर शंकर ने भी की है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा
इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई नाम के लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में दिलीप राठौड़ पर किसानों का शोषण करने और फर्जी आईडी के जरिए पैसे ठगने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही इसे पहली और आखिरी चेतावनी बताते हुए आगे जानलेवा हमले की धमकी भी दी गई है।
पुलिस बोली- दावों की कर रहे जांच
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की जांच की जा रही है और अशोक नगर जिले में हाल ही में सामने आए इसी तरह के एक मामले से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। व्यापारी दिलीप राठौर ने बताया कि वह फिलहाल शहर से बाहर हैं और उनका परिवार डरा हुआ है। उन्होंने इस मामले में और कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।




साइन इन