bomb threat on 9 locations in madhya pradesh alert in 2 districts what was the message MP में 'गैस बम' की धमकी से मचा हड़कंप, भोपाल-इंदौर में अलर्ट; क्या था मैसेज, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP में 'गैस बम' की धमकी से मचा हड़कंप, भोपाल-इंदौर में अलर्ट; क्या था मैसेज

मध्य प्रदेश में 9 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल मिलने के बाद तुरंत ऐक्शन लेते हुए बम स्क्वॉयड की टीमें भेजी गईं। हालांकि, ये धमकी अफवाह साबित हुई।

Thu, 19 March 2026 09:21 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
MP में 'गैस बम' की धमकी से मचा हड़कंप, भोपाल-इंदौर में अलर्ट; क्या था मैसेज

बुधवार को भोपाल और इंदौर में कई जगहों पर बम लगे होने की धमकी मिली। बम की धमकी से अफरातफरी मच गई। यहां की कई सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों को गैस बम लगाए जाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया और मध्य प्रदेश पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने तत्काल सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक नहीं मिला। बम स्क्वॉयड टीम की जांच में यह धमकी अफवाह निकली, लेकिन धमकी भरे मेल में कई तरह के मैसेज भी लिखे हुए थे।

भोपाल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट समेत 7 जगहों पर बम की धमकी

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी भरे मेल में भोपाल में जिला अदालत समेत 7 जगहों पर बम लगे होने की दी गई थी। इनमें एमपी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, वेट्स एंड मेजर्स विभाग, कोलार का जेके हॉस्पिटल, खजूरी स्थित आईआईएसईआर भोपाल (IISER Bhopal), सुखी सेवनिया का अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय और पीपुल्स यूनिवर्सिटी शामिल हैं। ईमेल में 21 जहरीले गैस बम लगाने का दावा किया गया था। हालांकि, सभी जगहों की जांच की गई और किसी तरह की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

अलर्ट मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड ने सभी परिसरों को खंगाला, लेकिन कुछ भी संदिग्ध या विस्फोटक नहीं मिला। अब इस मामले में एटीएस भी जांच में जुट गई है। आईआईएसईआर कैंपस को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया और करीब दो घंटे तक तलाशी चली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

मेल में क्या था मैसेज

मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में राजनीतिक और वैचारिक टिप्पणियां भी थीं, जिसमें अलग-अलग राज्यों का जिक्र और हिंसा करने की करने की धमकी दी गई थी। मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

इंदौर में भी धमकी

इंदौर में भी डिविजनल कमिश्नर और लेबर कमिश्नर कार्यालय को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही सैकड़ों लोगों को बाहर निकालकर पूरे परिसर की जांच की गई, लेकिन यहां भी कुछ नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले एक महीने से इस तरह के फर्जी ईमेल लगातार मिल रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।