MP में मुख्यमंत्री ने लगाया CM किसान हेल्पलाइन पर फोन, मिला ऐसा जवाब कि कांग्रेस नेता कस रहे तंज
इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव 'CM किसान हेल्पलाइन' पर फोन लगाकर कहते हैं, 'हैलो, आप किस स्थान से बोल रहे हैं', तो दूसरी तरफ मौजूद शख्स कहता है- 'सर मैं सीएम किसान हेल्पलाइन से अभिषेक बोल रहा हूं, बताइए मैं आपकी क्या सहायता कर सकता हूं।'

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में CM-किसान हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 155253 का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने खुद किसान बनकर इस हेल्पलाइन नंबर पर फोन लगाया और फिर इसके बाद ऐसा कुछ हुआ कि प्रदेश कांग्रेस के नेता इस वाकिये का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनका मजाक उड़ाने लगे। दरअसल सीएम ने जब हेल्पलाइन पर फोन लगाकर खेती-किसानी से जुड़ा सवाल पूछा, तो फोन पर मौजूद शख्स ने उनसे कहा कि हमें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। इसी घटना का वीडियो शेयर करते हुए पीसीसी प्रमुख व नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसा और उनका मजाक उड़ाया।
इस पूरी घटना का वीडियो शेयर करते हुए जीतू पटवारी ने लिखा, 'जिस तरह मुख्यमंत्री जी को यह नहीं पता कि गुड़ खेत में नहीं उगता, एक बीघा में 50 क्विंटल गेहूं नहीं होता, ठीक उसी तरह उनके अधिकारियों को भी यह नहीं पता कि गर्मी में कौन सी फसल उगाई जानी चाहिए। जिस CM किसान हेल्पलाइन की वाहवाही मोहन यादव जी हर मंच से लूटते थे, आज उन्होंने रील बनवाने के लिए उसी CM किसान हेल्पलाइन पर फोन लगाया और किसान बनकर सवाल किया। जवाब आया: “हमें इसकी जानकारी नहीं है!” यह है विज्ञापन के ‘किसान पुत्र’ मोहन यादव और उनकी सरकार!'
सीएम मोहन यादव ने लगाया हेल्पलाइन पर फोन
इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव 'CM किसान हेल्पलाइन' पर फोन लगाकर कहते हैं, 'हैलो, आप किस स्थान से बोल रहे हैं', तो सामने मौजूद शख्स कहता है- 'सर मैं सीएम किसान हेल्पलाइन से अभिषेक बोल रहा हूं, बताइए मैं आपकी क्या सहायता कर सकता हूं।'
सीएम ने हेल्पलाइन पर फोन लगाकर पूछा यह सवाल
इसके बाद सीएम यादव कहते हैं, 'मुझे गर्मी की तीसरी फसल लेना है, आप बताइए क्या लगाना चाहिए।' तब कॉल अटेंडर ने उनसे कहा- आपको गर्मी की तीसरी फसल की जानकारी चाहिए, जानकारी देने से पूर्व क्या मैं आपका नाम जान सकता हूं।' तो जवाब में सीएम ने कहा- 'मेरा नाम.. मैं एक सामान्य किसान हूं।'
कर्मचारी ने कहा- अभी हमारे पास जानकारी नहीं
तो जवाब में कॉल सेंटर कर्मचारी ने कहा, ‘सर आपकी जानकारी के लिए बताना चाहेंगे, अभी वर्तमान में हमारे पास जानकारी उपलब्ध नहीं है, आपका नंबर हम तक पहुंच गया है, आपको हमारे विशेष अधिकारी द्वारा सम्पर्क करके जानकारी दे दी जाएगी।’
इसके बाद सीएम ने एकबार फिर पूछा कि 'क्या आप नहीं बता पाएंगे', तो कॉल सेंटर कर्मचारी ने कहा, 'क्षमा चाहेंगे श्रीमान अभी वर्तमान में हमारे पास जानकारी उपलब्ध नहीं है, इसके लिए हमारे विशेषज्ञ द्वारा आपसे सम्पर्क कर लिया जाएगा।' अंत में फोन काटने हुए सीएम यादव कहते हैं, 'चलिए बहुत धन्यवाद आपका।'
नेता प्रतिपक्ष ने लिखा- सरकार की पोल खोलते मुख्यमंत्री
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसी वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की पोल खोलते मुख्यमंत्री! किसान हेल्पलाइन पर अपने ही विभाग की सामान्य जानकारी तक अधिकारी नहीं दे पा रहे, यही है मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार का असली “किसान प्रेम”।'
उधर इस आयोजन की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज भोपाल में आयोजित कृषि कर्मयोगी उन्मुखीकरण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड, पैक्स सदस्यता पंजीयन पोर्टल और CM-किसान हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 155253 का शुभारंभ किया। यह कार्यशाला 16 विभागों के समन्वय से ‘समृद्ध किसान–समृद्ध प्रदेश’ का संकल्प साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे तकनीक और नवाचार के जरिए विभिन्न योजनाओं को अंतिम छोर के किसान तक पहुंचाने का संकल्प मजबूत होगा।'




साइन इन