MP के जबलपुर में बड़ा हादसा, पर्यटकों से भरा क्रूज डैम में डूबा; राज्य सरकार ने की मुआवजे की घोषणा
स्थानीय लोगो से मिली जानकारी के अनुसार खमरिया टापू के पास अचानक से आए तेज तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। हुआ है, घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के परिवारजनों को राज्य सरकार ने 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा और तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज यहां डूब गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे। इनमें से 15 लोग तैरकर बाहर आ गए, जबकि अब तक 6 शव मिलने की पुष्टि हुई है, वहीं 15 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आ रही है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
स्थानीय लोगो से मिली जानकारी के अनुसार खमरिया टापू के पास अचानक से आए तेज तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। हुआ है, घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
मौसम विभाग का कहना है कि हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 40 किमी/घंटा थी, जिससे क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। अगले कुछ घंटों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आ रही हैं। अंधेरा और मौसम की खराब स्थिति के बीच SDRF और प्रशासन की टीम सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।
सीएसपी बोले- 18 पर्यटकों को बचाया गया
बरगी शहर के पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुल मिश्रा अपनी टीम के साथ लगातार बरगी बांध के घाट पर टॉर्च लेकर घूम रहे हैं। उम्मीद है कि पानी की लहरों के बीच कुछ लोग घाट के किनारे भी आ सकते हैं। उनका कहना है की रेस्क्यू लगातार जारी है। फिलहाल अभी तक 6 शव बरामद हुए हैं और 18 को बचाया गया है। 15 से ज्यादा अब भी लापता हैं। अचानक आंधी के कारण क्रूज पलटने के समय करीब 35-40 लोग क्रूज पर सवार थे।
बरगी डैम में उठ रही थीं ऊंची-ऊंची लहरें
यह हादसा जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम के बैक वाटर में हुआ है। गुरुवार शाम को मौसम सुहावना होने की वजह से बड़ी संख्या में पर्यटक क्रूज बोटिंग का आनंद लेने के लिए पहुंचे थे। लेकिन इसी बीच मौसम बिगड़ गया और काफी तेज हवाएं चलने लगीं। हवा की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि डैम के पानी में ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगीं और इसी वजह से क्रूज संभल नहीं सका और डूब गया। हादसे के वक्त क्रूज पर सवार 30 से ज्यादा लोगों में से 18 लोगों को बचा लिया गया, जबकि रात 8 बजे तक 4 शव बरामद हो चुके थे। फिलहाल प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, और इस वक्त लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
CM बोले- मंत्रियों व अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर दुख जताया और कहा, ‘आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।’
'त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है। जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।'
एक अन्य पोस्ट में आगे उन्होंने लिखा, ‘इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।’
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने की न्यायिक जांच की मांग
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना को लेकर दुख जताते हुए कहा, 'जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं। प्रशासन को मजिस्ट्रेट एन्क्वायरी का आदेश देना चाहिए और क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।'
MP कांग्रेस अध्यक्ष ने की जिम्मेदारी तय करने की मांग
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना पर दुख जताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, साथ ही हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की है। इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।'
आगे उन्होंने लिखा,'मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ, शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।'
मंत्री राकेश सिंह बोले- मैं घटनास्थल के लिए निकल चुका हूं
राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दु:खद सूचना मिली है। कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं। मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका हूँ। एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’




साइन इन