जबलपुर क्रूज हादसा: PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में हुए क्रूज बोट हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने की घटना में हुई जान-माल की हानि पर दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के लिए मुआवजा राशि की घोषणा की। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय अधिकारी राहत और बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। साथ ही घटना से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दिया जाएगा मुआवजा
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने ‘एक्स’ पर पीएम मोदी की तरफ से एक पोस्ट में कहा, ''मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने से हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है। इस दुखद दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) की ओर से, जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।''
अब तक 9 लोगों की मौत
जबलपुर में बरगी डैम पर क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या हादसे के एक दिन बाद बढ़कर नौ हो गई है, जबकि 29 लोगों को बचा लिया गया है। अभी भी लापता लोगों का पता लगाने के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी हैं।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने दिए जांच के आदेश
मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पर्यटन विभाग के एक क्रूज बोट से जुड़ी इस घटना के बाद मामले की जांच के के साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद और हृदयविदारक घटना है। मैंने विभाग को इस घटना की जांच करने का आदेश दिया है। यदि कोई लापरवाही हुई है, तो हम यथासंभव कड़ी कार्रवाई करेंगे। इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई है।"
लोधी ने आगे कहा, “मुझे आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है... मैंने जांच के आदेश दिए हैं। यदि कोई लापरवाही पाई जाती है, तो यथासंभव कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
रात में बचाव कार्य में आईं दिक्कतें : नीरज सिंह राजपूत
होम गार्ड SDRF के कमांडेंट नीरज सिंह राजपूत ने कहा कि मुश्किलों के बावजूद टीमों ने लगातार काम किया। उन्होंने कहा "यहां हालात मुश्किल हैं। कल रात बारिश हो रही थी और अंधेरा था, इसलिए बचाव अभियान में कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन हमने लाइटों और दूसरे उपकरणों की मदद से काम जारी रखा। आज NDRF और सेना की टीमें पहुंचीं, जिसके बाद हमने 5 शव बरामद किए। अब तक कुल 9 शव बरामद किए जा चुके हैं।"
जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने पुष्टि की कि बचाए गए 24 लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को जरूरी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।




साइन इन