ट्विशा की मौत के बाद सास ने किन लोगों को लगाया था फोन, लिस्ट दिखा पीड़ित परिवार ने कर दी नई डिमांड
भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में हर रोज नए दावे किए जा रहे हैं। अब ट्विशा के परिवार ने दावा किया है कि मौत के बाद उसकी सास ने ज्यूडिशरी के लोगों को फोन किया था। परिवार ने दावा किया है कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के घर में सीसीटीवी लगाने वाले लोगों से भी फोन के जरिए संपर्क किया गया था।

भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में हर रोज नए दावे किए जा रहे हैं। अब ट्विशा के परिवार ने दावा किया है कि मौत के बाद उसकी सास ने ज्यूडिशरी के लोगों को फोन किया था। ट्विशा शर्मा भोपाल में अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा के परिवार ने दावा किया है कि उसकी मौत के एक दिन बाद उनकी सास ने कथित तौर पर कई लोगों को फोन किया था। इनमें न्यायपालिका से जुड़े लोग भी शामिल थे। ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह रिटायर्ड एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज हैं।
सीसीटीवी लगाने वालों से भी संपर्क किया
ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया कि जहां कुछ कॉल कथित तौर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को किए गए थे, वहीं अन्य कॉल कथित रूप से न्यायपालिका से जुड़े लोगों को किए गए थे। इससे जांच को प्रभावित करने की कोशिशों को लेकर संदेह पैदा हो गया है। परिवार ने आगे दावा किया कि जिन लोगों ने उनके घर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, उनसे भी 13 मई को गिरिबाला सिंह के फोन नंबर से संपर्क किया गया था। ट्विशा के परिवार ने फोन नंबरों की एक लिस्ट जारी की है और कॉल रिकॉर्ड तथा बातचीत के सिलसिले की विस्तृत जांच की मांग की है।
दहेज उत्पीड़न का आरोप
नोएडा की रहने वाली पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल में अपने ससुराल में मृत पाई गईं। उनके ससुराल वालों ने दावा किया कि उन्होंने आत्महत्या की है। बुधवार को जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आत्महत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि, ट्विशा के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने आत्महत्या के दावे को खारिज कर दिया है।
अचानक फोन कट गया
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मौत की रात ट्विशा ने परेशान होकर उन्हें फोन किया था, लेकिन उसके पति के कमरे में आते ही अचानक फोन कट गया। परिवार ने यह भी दावा किया कि ट्विशा के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान थे। इससे संकेत मिलता है कि उसके साथ शारीरिक हिंसा हुई हो या उसकी हत्या की गई हो।
फोन कॉल्स की फोरेंसिक जांच की मांग
ट्विशा के परिवार ने गिरिबाला सिंह द्वारा की गई सभी फोन कॉल्स की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस मामले से जुड़े ईमेल, एसएमएस रिकॉर्ड, वाट्सअप चैट्स, सीसीटीवी रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिडिटल सबूतों को सुरक्षित रखने, उनकी फोरेंसिक मिरर इमेजिंग करने और उन्हें सील करने की भी मांग की है।
पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाई
पुलिस ने ट्विशा के वकील पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। गिरिबाला को जमानत मिल गई है, जबकि समर्थ अभी भी फरार है। पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उसकी जानकारी देने पर इनाम की राशि बढ़ाकर 30000 रुपए कर दी गई है। पहले 10000 रुपए घोषित की गई थी।
अध्यक्ष पद से हटाई जाएंगी गिरिबाला
उधर, मध्य प्रदेश सरकार ने गिरिबाला सिंह को जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पद उन्होंने रिटायरमेंट के बाद संभाला था। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा उठाया गया यह कदम ऐसे समय में आया है जब ट्विशा शर्मा की मौत मामले में उनके खिलाफ मुकदमा चलने की संभावना है।
सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी सरकार
इस बीच, एक स्थानीय अदालत ने ट्विशा के दोबारा पोस्टमॉर्टम के लिए परिवार की अर्जी खारिज कर दी। उनके माता-पिता ने अदालत से दोबारा पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच की मांग की थी। एक और अहम घटनाक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ट्विशा की मौत के मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी।




साइन इन