उसने हमारी मर्जी के खिलाफ जाकर की शादी; MP में बोले मोनालिसा के पिता, बताया बेटी कैसे पहुंची केरल
पढ़ाई और अभिनय प्रशिक्षण में मदद कर रहे उज्जैन के महेंद्र लोधी ने बताया कि, 'मुझे पहले पता नहीं था कि वह केरल में है। बाद में हमने संबंधित पुलिस थाने से संपर्क किया और उसकी लोकेशन प्राप्त कर परिवार की चिंता दूर की।'

पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा भोंसले द्वारा केरल में एक मुस्लिम युवक से शादी किए जाने के बाद गुरुवार को मध्यप्रदेश के खरगोन में रह रहे उसके परिजनों ने कहा कि यह शादी उनकी मर्जी के खिलाफ की गई है। भोंसले के परिवार के सदस्यों ने संवाददाताओं को बताया कि महेश्वर की रहने वाली और घुमंतू पारधी समुदाय से संबंध रखने वाली मोनालिसा ने बुधवार को केरल के पूवर के अरुमानूर स्थित नैनार मंदिर में फरमान खान नामक युवक से विवाह किया। उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान करीब छह महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी।
'कुछ लोग आए और काम के बहाने से केरल ले गए'
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा, 'दो मार्च को केरल से कुछ लोग आए और हमसे कहा कि वे मेरी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने में मदद करेंगे। मैं उसके साथ केरल गया था, लेकिन वहां उसने फरमान खान नाम के युवक से शादी कर ली।' उन्होंने कहा, 'मैंने इस कदम का विरोध किया और उसे महेश्वर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया।'
चाचा ने बताया जनवरी में 18 साल की हुई
जयसिंह ने कहा कि उन्होंने केरल में पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि मोनालिसा बालिग है और अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने के लिए कानूनी रूप से स्वतंत्र है। उधर मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने बताया कि वह इस साल जनवरी में 18 साल की हुई थी।
'कुछ समझ नहीं आ रहा, ये सब कैसे हो गया'
विजय सिंह ने कहा, 'कुछ लोग उसे अभिनय के अवसरों के बहाने केरल ले गए थे। हम बहुत पढ़े-लिखे नहीं हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि यह सब कैसे हुआ। शायद किसी ने उसे प्रभावित किया है। परिवार के पास उसके फैसले को स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।' उन्होंने कहा, 'उसके भाग्य में जो लिखा है, वही होगा। हम केवल यह आशा करते हैं कि वह अपने करियर में सफल हो और जीवन में आगे बढ़े।'
‘इलाके में स्कूल खोलना चाहती थी मोनालिसा’
परिवार के सदस्यों के अनुसार, मोनालिसा ने इससे पहले फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा की 'द डायरी ऑफ मणिपुर' नामक फिल्म में लिया गया था और उसे मिला पारिश्रमिक उसकी यात्रा, ठहरने और प्रशिक्षण पर खर्च हुआ था। मोनालिसा के चचेरे भाई जय भोंसले ने बताया कि उसने एक बार अपने इलाके में एक स्कूल खोलने की इच्छा भी जताई थी।
दादी बोली- शादी करना चाहती थी तो हमें बताना था
शादी की खबर फैलने के बाद महेश्वर में उसके घर पहुंचे पत्रकारों ने पाया कि परिवार इस मुद्दे पर ज्यादा बात करने से बच रहा है। मोनालिसा की दादी प्रमिला ने कहा कि वह फिल्म से जुड़े काम के सिलसिले में बाहर गई थी। उन्होंने कहा, 'अगर वह शादी करना चाहती थी, तो हमें बता सकती थी। हम इसकी व्यवस्था कर देते।'
'उसने पहले ही किसी को चुन लिया था'
मोनालिसा के वीडियो वायरल होने के बाद उसकी पढ़ाई और अभिनय प्रशिक्षण में मदद कर रहे उज्जैन के महेंद्र लोधी ने बताया कि परिवार के फोन आने के बाद उन्होंने उससे बात की थी। लोधी ने कहा, 'उसने मुझे बताया कि उसका परिवार उसकी शादी कहीं और करना चाहता था, जबकि उसने पहले ही किसी को चुन लिया था, इसलिए उसने उससे शादी करने का फैसला किया।'
उज्जैन में भी रही है मोनालिसा
उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा प्रशिक्षण के दौरान उज्जैन में किराये के मकान में रह रही थी और उसे 'लाइफ' नामक एक तेलुगू फिल्म में भी काम करने का मौका मिला था। महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने कहा कि परिवार ने उसके ठिकाने के बारे में कई बार पुलिस से संपर्क किया था।
पुलिस थाने से मिली मोनालिसा की लोकेशन
लोधी ने कहा, 'मुझे पहले पता नहीं था कि वह केरल में है। बाद में हमने संबंधित पुलिस थाने से संपर्क किया और उसकी लोकेशन प्राप्त कर परिवार की चिंता दूर की।' इससे पहले दिन में मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक मुस्लिम युवक के साथ उसकी शादी उसकी अपनी पसंद से और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है।
उसने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि यह 'लव जिहाद' का मामला है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी मोनालिसा ने कहा कि उसके माता-पिता चाहते थे कि वह अपनी बुआ के बेटे से शादी करे, लेकिन उसने इसका विरोध किया। मोनालिसा ने यह भी कहा कि उसके पिता उससे नाराज हैं।




साइन इन