पहचान मिटाने के लिए धड़ से अलग किया सिर, जूते के आगे के कटे हिस्से ने फंसा डाला; कत्ल की इनसाइड स्टोरी
मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए 3 टीमें गठित की गई, आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के होटलों, ढाबों और सड़कों में लगे सीसीटीवी खंगाले गए।

रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोही गांव में हाल ही में महिला का सिर काटकर निर्मम हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक महिला का पड़ोसी ही निकला, जिसने चोरी की नियत से घर में घुसा था, और उसकी पहचान न हो इसलिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए 200 सौ से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, और 300 सौ से ज्यादा लोगों से पूछताछ की, आरोपी के पांव में चोट लगी थी, जिससे उसने जूते के आगे का हिस्सा काट रखा था, जूते की अलग पहचान के चलते पुलिस आरोपी तक पहुंच पाई, और इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो सका।
सोमवार की सुबह रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोही गांव के, लोही ब्रिज के पास एक महिला की सिर कटी लाश मिली थी। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। महिला का सिर पास में ही एक खेत में पड़ा हुआ मिला था, जिसकी पहचान 50 वर्षीय लीलावती पटेल के रुप में हुई। एफएसएल टीम द्वारा जांच में महिला के घर के अंदर अत्यधिक खून पड़ा मिला, जिससे यह प्रतीत हुआ कि महिला की हत्या घर में करके उसका धड़ अलग और सिर अलग जगह फेंक दिया गया था जिससे उसकी पहचान न हो सके।
एक अलग तरह के जूते के फुटप्रिंट मिले
मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए 3 टीमें गठित की गई, आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के होटलों, ढाबों और सड़कों में लगे सीसीटीवी खंगालने के साथ साथ, गांव के ही काफी लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस को एक अलग तरह के जूते के फुटप्रिंट मिले, जिससे पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया
आरोपी की पहचान महिला के ही पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय राज केवट के रुप में हुई। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो चोरी की नियत से महिला के घर में घुसा था। उसी दौरान महिला जग गई, और वो उसे पहचान गई, और उसे गालियां देने लगी। उसकी पहचान न हो और पकड़े जाने के डर से उसने पास में छुपाकर रखे धारदार हथियार कुल्हाड़ी से उसका गला काटकर उसकी हत्या कर दी।
पहचान छिपाने के लिए सिर किया अलग
हत्या करने के बाद मृतिका की पहचान न हो, इसलिए आरोपी ने उसका धड़ घर के पास और सिर गेहूं के खेत में फेंक दिया। आरोपी के पांव में चोट लगी हुई थी, जिससे उसने अपने जूते का आगे का हिस्सा काट रखा था, और उसी अलग तरह के जूते से उसकी पहचान हुई, और वो सलाखों के पीछे पहुंच गया।
रिपोर्ट: सादाब सिद्दीकी




साइन इन