सालभर पहले जिस तालाब ने छीना था भाई, उसी ने अब ली दो बहनों की जान; बरसी के दिन MP में हादसा
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल ,सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मध्यप्रदेश में मैहर जिले में कोतवाली थाना अंतर्गत पटेहरा तालाब में शनिवार को एक दिल दुखा देने वाला हादसा हो गया। भाई की बरसी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के लिए चार किशोरियां और युवतियां तालाब में डुबकी लगाने गईं थीं, इस दौरान वे गहरे पानी में उतर गईं और डूबने लगीं। जिसके बाद इस हादसे में एक 10 वर्षीय किशोरी पूनम और 20 वर्षीय युवती आँचल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का अस्पताल में उपचार जारी है।
इस घटना के पीछे की जो कहानी सामने आई है, वह बेहद मार्मिक है। सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका आँचल चौधरी के भाई की एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। शनिवार को उसी भाई की बरसी का कार्यक्रम था और घर में अनुष्ठान की तैयारियां चल रही थीं। इसी कार्यक्रम के लिए परिवार की महिलाएं और बच्चे पटेहरा तालाब में दाल धोने गए थे। इसी दौरान चारों लड़कियां नहाने के लिए तालाब में उतर गईं। इसी बीच एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के चक्कर में चारों गहरे पानी में समा गईं।
हादसे में हुई दो चचेरी बहनों की मौत
तालाब की गहराई में डूबने से पूनम चौधरी (10 वर्ष, पिता मुकेश चौधरी) और आँचल चौधरी (20 वर्ष, पिता रामसजीवन चौधरी) की मौत हो गई। पूनम और आँचल आपस में चचेरी बहनें थीं। वहीं आँचल की सगी बहन शालू चौधरी (21 वर्ष) और अभिषेक चौधरी (11 वर्ष) को स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया, जिनका इलाज सिविल अस्पताल मैहर में चल रहा है।
4-4 लाख की सहायता की घोषणा
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। रेस्क्यू टीम ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरबीसी 6-4 के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।




साइन इन