MP : बरगी डैम क्रूज बोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई, रातभर चला सर्च-रेस्क्यू ऑपरेशन
जबलपुर में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में हादसे में मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 9 हो गई। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारजनों के लिए 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में हादसे में मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 9 हो गई। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर मौजूद मध्य प्रदेश के मंत्री राकेश सिंह ने हादसे पर दुख जताया है। मंत्री ने बताया कि लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी शामिल रहीं।
राकेश सिंह ने कहा, "एनडीआरएफ ने दो और शव बरामद किए हैं... कुछ ही देर में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि लाइफ जैकेट पहने होने के बावजूद लोगों को क्यों नहीं बचाया जा सका।"
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि क्रूज बोट को पानी से बाहर निकालने के लिए हाइड्रोलिक क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
29 लोगों को बचाया गया
जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार को पर्यटकों से भरा क्रूज पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 29 लोगों को बचा लिया गया है। घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है।
मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी PTI वीडियो से बात करते हुए ने कहा कि कुछ पर्यटक अभी भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए एक बड़ा अभियान पूरी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद घटना की जांच की जाएगी और इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तूफान से पलटी क्रूज बोट
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम को अचानक आए तूफान की चपेट में आने के बाद, 29 यात्रियों और दो क्रू सदस्यों को लेकर जा रही एक क्रूज बोट बरगी डैम में पलट गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण पानी में जोरदार लहरें उठने लगीं, जिससे क्रूज पर सवार कई लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और क्रू सदस्यों से क्रूज को वापस किनारे पर ले जाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि हालांकि, क्रू सदस्य इन आवाजों को सुन नहीं पाए और क्रूज बहते हुए आगे निकल गया और फिर पलट गया। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से उन यात्रियों को बचाया जिन्होंने लाइफ जैकेट पहन रखी थीं।
सीएम ने किया मुआवजे और मदद का ऐलान
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और कहा है कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है तथा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।




साइन इन