मेरी 500 रुपए की चप्पल चोरी हो गई; MP के प्रसिद्ध मंदिर में हुई घटना, नायब तहसीलदार ने पुलिस को लिखा पत्र
पुलिस को भेजे अपने इस पत्र में नायब तहसीलदार ने आरोपी चप्पल चोर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई को लेकर आश्वासन दिया है।

मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ बगलामुखी माता मंदिर से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दर्शन करने पहुंचे एक नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी हो गई, जिसके बाद उन्होंने खुद तहकीकात करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से ना केवल अपनी चप्पल चुराने वाले आरोपी चोर को खुद ढूंढ निकाला, बल्कि अब पुलिस को पत्र भेजकर चोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिय पर वायरल हुआ पत्र
अधिकारियों ने इस बारे में मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि चप्पल चोरी की घटना सोमवार (दो मार्च) को हुई, जब नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। चंद्रवंशी ने घटना के बारे में पुलिस अधीक्षक को बाकायदा आधिकारिक पत्र भेजा है, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गई है और लोग इस मामले में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं।
10 मिनट में चप्पल हो गई गायब
नायब तहसीलदार ने पत्र में कहा, 'मैं दो मार्च को दोपहर 3:15 बजे बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। मैंने अपनी चप्पल रसीद काउंटर के पास उतारी थी। दर्शन करने के बाद अपराह्न 3:25 बजे जब मैं वापस रसीद काउंटर पर पहुंचा तो मेरी चप्पल, जिसकी कीमत लगभग 500 रुपए थी, वह अपने निर्धारित स्थान पर नहीं मिली।'

अधिकारी ने खुद ढूंढ निकाला चोर
नायब तहसीलदार ने पत्र में आगे बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मंदिर के कर्मचारियों की मदद से उन्होंने एक चप्पल चोर की पहचान कर ली, और पूछताछ में उसने चप्पल चुराने की बात भी मान ली। अधिकारी ने पत्र में यह भी कहा,'बगलामुखी मंदिर में आए दिन चप्पल-जूते और महंगे सामान चोरी हो रहे हैं, जिससे लोगों की आस्था आहत हो रही है।'
चोर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
चंद्रवंशी ने कहा कि अपनी चप्पल ढूंढने के कारण उन्हें एक घंटा परेशान होना पड़ा और एक पटवारी व एक अन्य व्यक्ति के ढूंढने पर भी उन्हें अपनी चोरी हुई चप्पल नहीं मिली। पुलिस को भेजे अपने इस पत्र में नायब तहसीलदार ने आगे आरोपी चप्पल चोर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई करने की मांग की।
उधर मामले की जानकारी देते हुए नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव ने कहा,'नायब तहसीलदार चंद्रवंशी के पत्र पर जांच के बाद विधिसम्मत कदम उठाए जाएंगे।'




साइन इन