गला रेतकर छाती पर करता रहा वार… एमपी में शिवरात्री पर मंदिर के पुजारी की हत्या से हड़कंप
सुबह-सुबह जब श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में जुटे थे, तभी शहर में एक पुजारी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के सीधी जिले से मंदिर के एक पुजारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुबह-सुबह जब श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में जुटे थे, तभी शहर में एक पुजारी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घात लगाए बाइक सवारों ने किया हमला
तहसील परिसर में स्थित हनुमान मंदिर के 75 वर्षीय पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी रोज की तरह सुबह घर से मंदिर के लिए पूजा-अर्चना करने गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से पुजारी का गला रेत दिया। वार इतना घातक था कि पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
गला रेतकर छाती पर करता रहा वार…
बताया जा रहा है कि आरोपी ने चलती मोटरसाइकिल पर बैठे पुजारी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक हमलावर इसके बाद भी नहीं रुका और उनके सीने पर लगातार प्रहार करता रहा, जब तक कि उनकी जान नहीं निकल गई। बताया जा रहा है कि मृतक इंद्रभान द्विवेदी बहुत ही शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और किसी से कोई दुश्मनी नहीं रखते थे। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
पुजारी की हत्या से इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। महाशिवरात्रि के दिन हुई पुजारी की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट- सादाब सिद्दीकी




साइन इन