MP: खरगोन में नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार को लेकर बवाल, 10 घायल, क्यों हुआ विवाद?
मध्य प्रदेश के खरगोन में नर्मदा तट पर एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में हिंसक विवाद हो गया। शव जलाने की जगह को लेकर हुए पथराव में पुलिसकर्मी समेत 10 लोग घायल हुए। पुलिस ने 25 लोगों पर मामला दर्ज कर भारी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार करवाया।

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सुलगांव में सोमवार को एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों के बीच भारी बवाल हो गया। नर्मदा तट के पास शव जलाने की जगह को लेकर हुई बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प और पथराव में बदल गई। हिंसा में पुलिसकर्मी और चौकीदार सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं। तनावपूर्ण हालात के बीच भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
क्यों हुआ विवाद?
मण्डलेश्वर के थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि सुलगांव के रहने वाले मोहन पाटीदार की 90 वर्षीय दादी की मौत के बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए नर्मदा नदी के पास पहुंचे थे। नर्मदा किनारे से लगभग 200 मीटर दूर शव जलाने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। आपत्ति जता रहे पक्ष का कहना था कि शवदाह स्थल नर्मदा से निर्धारित दूरी पर नहीं है।
10 लोग घायल
मण्डलेश्वर के थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो कुछ ही देर में हिंसा में बदल गई और इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में एक पुलिस जवान और ग्राम चौकीदार समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मण्डलेश्वरए महेश्वर और कसरावद थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
25 पर केस
भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। मण्डलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 19 नामजद समेत 25 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।




साइन इन