गुजरात पुलिस भर्ती में हादसा; 5 किमी दौड़ के बाद हार्ट अटैक से युवक की मौत
राजकोट में पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान 27 साल के एक युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गिर सोमनाथ के नितिन ने 5 किलोमीटर की दौड़ समय पर पूरी की थी लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से उन्होंने दम तोड़ दिया।

गुजरात पुलिस भर्ती के दौरान राजकोट में एक दुखद घटना घटी जहां 27 साल के एक युवक की शारीरिक परीक्षा के तुरंत बाद दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। गिर सोमनाथ के रहने वाले युवक ने 5 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली थी लेकिन मैदान से बाहर निकलते ही उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हुई। अस्पताल ले जाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सीने में तेज दर्द के साथ बिगड़ी तबीयत
‘द हंस इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, युवक की पहचान गिर सोमनाथ जिले के कोडिनार क्षेत्र के मलारवाड़ी गांव के निवासी नितिनभाई चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नितिनभाई ने शारीरिक परीक्षा की 5 किलोमीटर की दौड़ 23 मिनट में पूरी कर थी जो तय समय से पहले थी। दौड़ पूरी करने के बाद जैसे ही नितिन मैदान से बाहर निकला उसे अचानक सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
इलाज के दौरान मौत
तबीयत बिगड़ते देख मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने उसका शुरुआती इलाज किया और उसे तुरंत गोंडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दौड़ पूरी करने के बाद वापस आते समय उसके सीने में दर्द हुआ और वह गिर गया लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
एमएससी डिग्रीधारी थे नितिन
बताया जाता है कि नितिनभाई चौहान के पास बीएससी और एमएससी की डिग्री थी। उन्होंने लगभग एक साल पहले ही शादी की थी। वह कई वर्षों से पुलिस बल में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य था।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में भरूच में कच्छ के रहने वाले 25 साल के रविराजसिंह जडेजा की पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान मौत हो गई थी। उनकी 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उनको नहीं बचाया जा सका था। इसी तरह का एक मामला छोटा उदेपुर में भी आया था जहां पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान 27 साल का एक उम्मीदवार बेहोश हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन