मिलावटी हल्दी से दुल्हन की मौत, 4 गंभीर; इंदौर और खरगोन में खौफनाक घटनाएं
मध्य प्रदेश के खरगोन और इंदौर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं जब मिलावटी हल्दी लगाने से एक दुल्हन की मौत हो गई और कई दूल्हा-दुल्हन बीमार पड़ गए। प्रशासन अब मामले की जांच कर रहा है।

मध्य प्रदेश के खरगोन और इंदौर में मिलावटी हल्दी के कारण शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हल्दी की रस्म के दौरान जहरीले केमिकल 'मेटानिल येलो' वाली हल्दी लगाने से एक दुल्हन की मौत हो गई जबकि चार अन्य दूल्हा-दुल्हनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीजों में चेहरे पर सूजन, सांस फूलना और शरीर पर लाल चकत्तों जैसे खतरनाक एलर्जी के लक्षण देखे गए। स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और हल्दी के सैंपल लैब भेजे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सावधान रहने और विश्वसनीय स्थानों से ही हल्दी खरीदने की सलाह दी है।
खरगोन में हल्दी लगाने के बाद एक दुल्हन की मौत हो गई। वहीं इंदौर के एमवाय अस्पताल में चार दूल्हा-दुल्हनों को गंभीर हालत में भर्ती करना पड़ा। डॉक्टरों का कहना है कि मिलावटी हल्दी में जहरीला रंग ‘मेटानिल येलो’ मिलाया गया था जिससे खतरनाक एलर्जी हुई। चौंकाने वाली बात यह कि जिस हल्दी को लोग शुद्धता और परंपरा का प्रतीक मानते हैं और जिसका इस्तेमाल भोजन में भी किया जाता है उसमें जहरीला केमिकल मिलाकर बेचा जा रहा है।
चार भर्ती, एक वेंटिलेटर पर
इंदौर के एमवाय अस्पताल में हाल ही में ऐसे चार मरीज भर्ती हुए, जिनकी हालत हल्दी लगाने के बाद अचानक बिगड़ गई। इनमें एक मरीज की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों में सांस फूलना, चेहरे पर सूजन, होंठ फूलना, त्वचा पर लाल चकत्ते, बेचैनी और कमजोरी जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हल्दी में मिलाए गए जहरीले रंग ‘मेटानिल येलो’ के कारण जानलेवा एलर्जी हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
खरगोन के सीएमएचओ डॉ. डीएस चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को पीड़ित परिवार के घर भेजा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने एमवाय अस्पताल की वह पर्ची भी दिखाई है, जिसमें डॉक्टरों ने ‘हल्दी से रिएक्शन’ का उल्लेख किया है। इलाज के दौरान उपयोग की गई हल्दी का सैंपल भी लिया गया था, जिसे जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजा गया है। अब रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि हल्दी में कौन-कौन से रसायन मिलाए गए थे।
डॉक्टरों ने दी चेतावनी
एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में हल्दी से एलर्जी और संक्रमण की आशंका सामने आई थी। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली हल्दी और अन्य सामग्री विश्वसनीय स्थान से ही खरीदें। इतना ही नहीं एलर्जी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।




साइन इन