bride and groom admitted to hospital after haldi ceremony हल्दी की रस्म के बाद क्यों अस्पताल पहुंच रहे दूल्हा-दुल्हन! सांस लेने में भी तकलीफ, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हल्दी की रस्म के बाद क्यों अस्पताल पहुंच रहे दूल्हा-दुल्हन! सांस लेने में भी तकलीफ

इंदौर के एमवाय अस्पताल में हाल ही में ऐसे चार मरीज भर्ती हुए, जिनकी हालत हल्दी लगाने के बाद अचानक बिगड़ गई। इनमें एक मरीज को वेंटीलेटर तक पर रखना पड़ा।

Mon, 11 May 2026 11:16 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
हल्दी की रस्म के बाद क्यों अस्पताल पहुंच रहे दूल्हा-दुल्हन! सांस लेने में भी तकलीफ

शादी से पहले हल्दी की रस्म से दूल्हे-दुल्हन की रंगत बढ़ती है, लेकिन मध्य प्रदेश में जो हुआ है वह काफी डराने वाला है। मिलावटी हल्दी के कारण दूल्हा-दुल्हन गंभीर एलर्जी और सांस संबंधी समस्याओं का शिकार हो रहे हैं। इंदौर के एमवाय अस्पताल में हाल ही में ऐसे चार मरीज भर्ती हुए, जिनकी हालत हल्दी लगाने के बाद अचानक बिगड़ गई। इनमें एक मरीज को वेंटीलेटर तक पर रखना पड़ा। डॉक्टरों के मुताबिक इन मरीजों में सांस फूलना, चेहरे और होंठों में सूजन, शरीर पर लाल चकत्ते, घबराहट और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दिए। जांच में सामने आया कि हल्दी में मिलाए गए जहरीले रंग 'मेटानिल येलो' की वजह से एलर्जी रिएक्शन हुआ।

हल्दी की रस्म के बाद बिगड़ी तबीयत

खरगोन जिले के कसरावद निवासी 21 वर्षीय राखी ने बताया कि हल्दी की रस्म के कुछ समय बाद ही उनके शरीर पर लाल चकत्ते निकलने लगे। धीरे-धीरे चेहरे और होंठों में सूजन आ गई और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। परिजन घबराकर पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें इंदौर एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मिलावटी हल्दी से एलर्जी की पुष्टि की। परिजनों का कहना है कि शादी की रस्मों में अक्सर सस्ती और खुली हल्दी खरीद ली जाती है, क्योंकि उसका उपयोग शरीर पर लगाने के लिए किया जाता है। उन्हें अंदाजा नहीं था कि यही हल्दी जानलेवा साबित हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इंदौर में हैवान पति की करतूत! पत्नी के प्राइवेट पार्ट में डाला मिर्च पाउडर, FIR

हल्दी लगते ही फूलने लगी सांस

दूधिया निवासी 35 वर्षीय गोलू ने बताया कि अप्रैल में शादी समारोह के दौरान परिवार के लोगों ने शरीर पर हल्दी लगाई थी। शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन थोड़ी ही देर में चेहरे और होंठों पर सूजन आने लगी और सांस लेने में दिक्कत बढ़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इसे गंभीर एलर्जी रिएक्शन बताया। उन्होंने कहा कि शादी की खुशी के बीच कभी नहीं सोचा था कि हल्दी जैसी पारंपरिक चीज इतनी खतरनाक साबित हो सकती है। खुली हल्दी गांव की किराना दुकान से खरीदी गई थी।

हल्दी में मिल रहा जहरीला रंग

विशेषज्ञों के अनुसार मिलावटी हल्दी में 'मेटानिल येलो' नामक जहरीला रंग मिलाया जा रहा है। इसका उपयोग हल्दी को अधिक चमकीला और आकर्षक दिखाने के लिए किया जाता है। यह रंग त्वचा और शरीर दोनों के लिए बेहद नुकसानदायक माना जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि यह रसायन शरीर में तेजी से रिएक्शन करता है, जिससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। गंभीर मामलों में मरीज को 'एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम' जैसी जानलेवा फेफड़ों की समस्या भी हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजा रघुवंशी मर्डर: इंदौर आने के लिए क्यों बेताब सोनम? कर रही ये खास प्लानिंग

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

विशेषज्ञों और मरीजों के परिजनों ने मिलावटी हल्दी बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में सस्ती और चमकीली हल्दी की मांग ज्यादा होने का फायदा उठाकर कुछ व्यापारी कृत्रिम रंग और केमिकल मिलाकर हल्दी बेच रहे हैं।

आयुर्वेद में गुणकारी, मिलावट से नुकसान

आयुर्वेद में हल्दी को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है। यह त्वचा निखारने, संक्रमण से बचाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है, लेकिन मिलावट इसके गुणों को नुकसान में बदल देती है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यदि हल्दी लगाने के बाद खुजली, जलन, सांस फूलना, होंठ या आंखों में सूजन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

रिपोर्ट- हेमंत

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी, लॉरेंस गैंग का सदस्य गिरफ्तार
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।