Mother killed in celebratory firing during her son birth ceremony family hides body in freezer gwalior crime MP : बेटे की छठी पर हर्ष फायरिंग में मां की मौत, परिवार ने फ्रीजर में छुपाई लाश; पति-देवर फरार, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP : बेटे की छठी पर हर्ष फायरिंग में मां की मौत, परिवार ने फ्रीजर में छुपाई लाश; पति-देवर फरार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक नवजात बच्चे की मां की मौत हो गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ तब घर में बच्चे का छठी कार्यक्रम चल रहा था। परिजन इस मामले को दबाने के लिए महिला के शव को डीप फ्रीजर में छुपा दिया था।

Mon, 1 June 2026 12:08 PMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, ग्वालियर
share
MP : बेटे की छठी पर हर्ष फायरिंग में मां की मौत, परिवार ने फ्रीजर में छुपाई लाश; पति-देवर फरार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर के एक परिवार में बच्चे के जन्म के बाद शुरू हुआ खुशी का माहौल उस वक्त अचानक मातम में बदल गया जब हर्ष फायरिंग के बीच गोली लगने से नवजात बच्चे की मां की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने मामले को दबाने के लिए महिला के शव को डीप फ्रीजर में छिपाकर रात में ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी, लेकिन इससे पहले ही खबर पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

थाटीपुर के नदीपार टाल स्थित तृप्ति नगर निवासी मनोज कुशवाह के बेटे का छठी कार्यक्रम था। घर में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। मनोज का छोटा भाई योगेश भतीजे के जन्म की खुशी में अवैध कट्टे से हर्ष फायरिंग की तैयारी कर रहा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'वो मेरा सुख-दुख का साथी…मैं सौभाग्यशाली'; BJP विधायक ने किया डकैत का गुणगान

महिला के सिर में लगी थी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, योगेश बार-बार कट्टा लोड और अनलोड कर रहा था। उसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली पास में बैठी बच्चे की मां जाह्नवी उर्फ ज्योति कुशवाह (32) के सिर में जा लगी। गोली लगने के बाद ज्योति जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मृतका के पति मनोज और देवर योगेश ने पुलिस को इसकी सूचना देने के बजाय मामला छिपाने की योजना बनाई। दोनों ने बड़ा डीप फ्रीजर मंगवाकर महिला के शव को उसमें रख दिया, ताकि शव खराब न हो और घटना की जानकारी बाहर न पहुंचे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 6 की मौत, 40 लोग घायल

फ्रीजर मंगाने पर पड़ोसी को हुआ शक, पुलिस को दी सूचना

रविवार रात करीब 1 बजे दोनों आरोपी शव को गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। आसपास के लोगों को बीमारी से महिला की मौत होने की बात बताई गई थी, ताकि किसी को शक न हो। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति को अचानक घर में डीप फ्रीजर मंगवाने और देर रात शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी पर संदेह हुआ। उसने फौरन थाटीपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ियों को देखकर आरोपी मनोज और योगेश फरार हो गए। पुलिस ने घर में रखे डीप फ्रीजर से महिला का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पति और देवर की तलाश जारी

फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस उस अवैध कट्टे की तलाश कर रही है और जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया था। पुलिस का कहना है कि मौत के बाद शव को छिपाकर बिना सूचना अंतिम संस्कार करने की कोशिश की गई, जो गंभीर अपराध है। मामले में पति मनोज कुशवाह और देवर योगेश कुशवाह के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। दोनों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट - अमित सिंह

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में पत्नी पर अफेयर का आरोप लगा पति ने खाया जहर, बोला- उसे चाहिए लग्जरी लाइफ
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।