500 रुपये की दिहाड़ी और चली गई जान, शादी में जा रहे मजदूरों की करंट लगने से मौत, 8 ने ऐसे बचाई जान
क्रॉकरी का सामान लेकर जा रही डीसीएम गाड़ी 11KV हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। तार छूते ही पूरी गाड़ी में करंट दौड़ गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब क्रॉकरी का सामान लेकर जा रही डीसीएम गाड़ी 11KV हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। तार छूते ही पूरी गाड़ी में करंट दौड़ गया, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लोगों ने बताया कि 8 अन्य मजदूरों ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
डीसीएम से छू गए 11 हजार वोल्टेज वाले तार
घटना मुरैना जिले के चंदूपुरा गांव की है। रविवार को ठेकेदार देवेंद्र सिंह आगरा से मजदूरों को लेकर गब्बर सिंह गुर्जर के घर टीका कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में खेत के पास से गुजरते समय गाड़ी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई और हादसा हो गया। इस हादसे में विक्की जाटव और आलोक नाई की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
500 रुपये की दिहाड़ी पर आए थे मजदूर
बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर 500 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी पर शादी में वेटर और क्रॉकरी का काम करने आए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भिजवाया गया। थाना प्रभारी विवेक तोमर के अनुसार मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ या बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे थे।
ड्राइवर की लापरवाही या फिर…
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ या फिर हाईटेंशन लाइन के तार निर्धारित ऊंचाई से नीचे झूल रहे थे, जिससे यह दुर्घटना हुई। यदि बिजली विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से ग्रामीण इलाकों में बिजली लाइनों की स्थिति और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट- अमित कुमार




साइन इन