मुझे पहले मौत आ जाती तो बेहतर; मोनालिसा की बातों को सुनकर रोते हुए बोले पिता
पिता जय भोंसले ने मोनालिसा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। मोनालिसा का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उसने डायरेक्टर सनोज मिश्रा और माता-पिता पर कई तरह के आरोप लगाए हैं।

मां का प्यार नहीं मिला और पिता दूसरी औरतों के साथ...; बेटी मोनिलासा के मुंह से ऐसे आरोपों को सुनने के बाद उसके पिता जय भोंसले बेहद दुखी हैं। कुंभ में माला बेचते हुए अपनी सुंदरता की वजह से चर्चित हुई मोनालिसा इन दिनों मुस्लिम युवक फरमान से शादी की वजह से चर्चा में है। विवाद के बीच मोनालिसा ने अब अपने परिवार और फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर कई आरोप लगाए हैं। पिता जय भोंसले ने बेटी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। जय भोंसले ने कहा कि ऐक्टिंग की ट्रेनिंग लेने वाली मोनालिसा को अब झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जा रही है। बेटी के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा, ‘यह सब सुनने से पहले मुझे मौत आ जाती तो बेहतर होता।’
मोनालिसा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह अपनी पहली फिल्म के डायरेक्टर और फरमान से उसकी शादी का विरोध कर रहे सनोज मिश्रा पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगा रही है। जय भोंसले ने बेटी के आरोपी को खारिज करते हुए कहा, ‘सनोज मिश्रा मोनालिसा को बेटी की तरह मानते थे और शूटिंग के दौरान लगभग 80 लोगों की यूनिट मौजूद रहती थी। शूटिंग के समय या तो मैं खुद या परिवार के अन्य लोग 24 घंटे मोनालिसा के साथ रहते थे।’
बेटी के साथ धोखा हुआ, समझ नहीं आ रहा क्या करूं: जय भोंसले
जय भोंसले ने कहा कि मोनालिसा ने पहले हमेशा सनोज मिश्रा की प्रशंसा की और इस तरह के आरोप कभी सामने नहीं आए। उन्होंने सनोज मिश्रा को सम्मानजनक बताते हुए कहा कि उन पर इस प्रकार के आरोप लगाना गलत और अपमानजनक है। उन्होंने फिल्म निर्माण में केवल तीन लाख रुपये खर्च होने के दावे को भी खारिज करते हुए कहा कि इतना खर्च तो यूनिट के आवागमन में ही हो जाता है। उनके अनुसार शूटिंग के लिए नेपाल सहित कई स्थानों पर यात्रा की गई, जिसमें काफी व्यय हुआ। जय भोंसले ने कहा कि उन्हें लव जिहाद जैसे शब्दों की जानकारी नहीं है, लेकिन उनकी समझ के अनुसार उनकी बेटी के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन में ट्रेनिंग के दौरान संबंधित व्यक्ति कम समय के लिए आते थे और प्रगति की जानकारी लेकर चले जाते थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति में क्या करें और वे इस परेशानी से निकलने के लिए सभी से मदद की गुहार लगा रहे हैं।




साइन इन