मोनालिसा-फरमान की शादी में शरजील इमाम और पीएफआई का हाथ, नाजिया का बड़ा दावा
सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात की और इसे लव जिहाद का मामला बताया। नाजिया ने मोनालिसा की फरमान से शादी के पीछे दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम और पीएफआई का हाथ होने की आशंका जाहिर की

संगम तट पर लगे कुंभ में माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में है। कभी सुंदरता के लिए सोशल मीडिया पर छा जाने वाली मोनालिसा अब मुस्लिम लड़के से शादी को लेकर वायरल है। केरल में फरमान नाम के प्रेमी से मंदिर में शादी रचाने वाली मोनालिसा का परिवार जहां उसके इस कदम से दुखी है तो फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा समेत कई लोग लव जिहाद का आरोप लगा रहे हैं। अब सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात की और इसे लव जिहाद का मामला बताया। नाजिया ने मोनालिसा की फरमान से शादी के पीछे दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम और पीएफआई का हाथ होने की आशंका जाहिर की और राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा, 'हम मोनालिसा को 35 टुकड़ों में नहीं चाहते, जिंदा चाहते हैं।'
नाजिया इलाही खान ने खरगोन में पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'यह सामान्य शादी नहीं। पूरी तरह से लव जिहाद है। इस्लामिक जिहादी, इस्लामिक चरमपंथी और पीएफआई ने मिलजुलकर इसे कराया है। इसमें हिंदू मैरिज ऐक्ट 1955 का उल्लंघन भी किया गया है। हिंदू प्रथा का भी दुरुपयोग किया गया है और उसका मजाक उड़ाया गया।'नाजिया ने आगे कहा, ‘फरमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह अभी मुसलमान है तो एक मुसलमान हिंदू प्रथा से कैसे शादी कर रहा है? यदि वह हिंदू मैरिज ऐक्ट से शादी कर रहा है तो उसने सबूत नहीं दिखाया कि पहले हिंदू धर्म अपनाया। हिंदुत्व भी तो कबूल करना है उसको तब तो हिंदू प्रथा से शादी कर सकता है। हिंदू मैरिज ऐक्ट का उल्लंघन है और हिंदू धर्म को अपमानित करने का अपराध किया गया है।’
नाजिया ने शरजील इमाम और पीएफआई का लिया नाम
अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वालीं नाजिया ने मोनालिसा की शादी के पीछे शरजील इमाम और पीएफआई पर आरोप लगाते हुए कहा कि लव जिहाद के लिए फंडिंग की गई है। उन्होंने कहा, ‘शरजील इमाम जैसे ही अपने भाई की शादी में परोल पर आया है, जितने भी आतंकवादी समूह हैं ऐक्टिव हो चुके हैं। अभी हमने यूपी में झांगुर को देखा था, हमने केजीएम जिमखाना देखा, बस्ती में देखा कि किस तरह तीन मुस्लिम लड़के हिंदू लड़कियों से देह व्यापार करा रहे थे। अगर केरल की सरकार लव जिहाद और इस तरह के अपराध को को सहयोग कर रही है तो हमारे देश की सुरक्षा एजेंसियों को काम करना चाहिए और शरजील इमाम की पेरोल को कैंसिल करना चाहिए। सीएए विरोधी प्रदर्शन के दौरान जहां शरजील इमाम ने भाषण दिया था उनके वीडियो में फरमान की मौजूदगी को तलाशने की जरूरत है। हमें संदेह है कि इसमें पीएफआई का बहुत बड़ा हाथ है और फंडिंग है।’
नाजिया ने कहा- हम मोनालिसा को 35 टुकड़ों में नहीं चाहते
नाजिया ने सवाल उठाया कि मोनालिसा का चुटकियों में पासपोर्ट कैसे बन गया। उन्होंने कहा, 'हमारे देश की राष्ट्रपति द्रौपद्री मूर्मू एक महिला हैं, उन्हें भी इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए क्योंकि हम मोनालिसा को 35 टुकड़ों में नहीं चाहते हैं, हम उसे जिंदा चाहते हैं।'




साइन इन