तू तो हिरोईन बन गई, हम गधे-कुत्ते जैसे; मोनालिसा की शादी पर दुखी दादी क्या बोली
वायरल गर्ल मोनालिसा की दूसरे धर्म में शादी को लेकर उसके परिवार में कोहराम मचा है। उसकी दादी परमिला ने कहा कि बेटी को बहला-फुसलाकर घर से दूर ले जाया गया और बड़े सपने दिखाए गए। वो तो हिरोईन बन गई, हम गधे-कुत्ते जैसे हैं।

महाकुंभ के बाद वायरल हुई नीली आंखों वाली मोनालिसा अपने प्रेमी फरमान खान के साथ शादी को लेकर चर्चा में है। मोनालिसा की शादी में उसके घरवाले शरीक नहीं हुए। मोनालिसा ने भी अपने घरवालों पर बुआ के बेटे से जबरन शादी कराने का आरोप लगाया। दूसरे धर्म में शादी को लेकर अब उसकी दादी सामने आई है। परमिला ने कहा कि मोनालिसा को बहला-फुसलाकर घर से दूर ले जाया गया और उसे बड़े सपने दिखाए गए। उन्होंने जबरन शादी के आरोपों पर कहा कि मोनालिसा तो हिरोईन बन गई और हम गधे-कुत्ते जैसे हैं।
बॉयफ्रेंड के लिए घर छोड़ने और केरल बसने वाली मोनालिसा पर अब परिवार का दर्द सामने आ रहा है। न्यूज18 से बातचीत में मोनालिसा की दादी परमिला ने बताया कि वह उज्जैन में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसे समझाना शुरू किया कि यहां बैठकर कुछ नहीं होगा। अगर आगे बढ़ना है तो नाचना-गाना सीखना होगा और बड़ी इंसान बनना होगा। दादी के मुताबिक इसी तरह की बातें कहकर लड़की को बहकाया गया और कहा गया कि उसे यहां मत रखो, हम उसे सिखा देंगे।
मोनालिसा हिरोईन बन चुकी, हम गधे-कुत्ते जैसे
परमिला ने कहा कि लोग अक्सर कहते थे कि मोनालिसा अब हिरोईन बन चुकी है, हम तो गधे-कुत्ते जैसे हैं... वह अपनी मर्जी से ही शादी करेगी। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी भी उस पर शादी का दबाव नहीं डाला। उसका पिता तो उसे पढ़ा-लिखाकर और कुछ सिखाकर बड़ा इंसान बनाना चाहता था।
जानबूझकर झूठ बोल रही मोनालिसा
मोनालिसा के उस बयान पर भी दादी ने आपत्ति जताई, जिसमें उसने कहा था कि उसे अपने परिवार से खतरा है और उसकी कहीं और शादी कराई जा रही थी। इस पर परमिला ने कहा कि यह सब बातें मोनालिसा ने जानबूझकर कही हैं। उनके मुताबिक उसने खुद को बचाने के लिए ऐसा कहा है और लोगों को उसकी बातों में नहीं आना चाहिए।
मोनालिसा के कदम से मेरा बेटा रो रहा था...
उन्होंने कहा कि अगर परिवार जबरदस्ती शादी कराना चाहता, तो क्या गांव में सरकार या कानून नहीं है। अगर मोनालिसा अपनी मर्जी से शादी करती, तो भी परिवार को कोई आपत्ति नहीं होती। परिवार को कम से कम यह सुकून होता कि वह गलत रास्ते पर नहीं जा रही है। परमिला ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम से मोनालिसा के पिता बेहद टूट गए हैं। उनके सामने ही वह सिर पकड़कर रो रहे थे और अपनी बेटी से कह रहे थे कि कम से कम बताकर तो जाओ। दादी ने भावुक होकर कहा कि जब वह अपने पिता की नहीं हुई, तो फिर किसी और की क्या होगी।
झूठ बोलकर पिता को केरल ले गई
उन्होंने यह भी बताया कि जब से वो हिरोईन बनी है, दो बार ही घर आई है। एक बार मोनालिसा पासपोर्ट बनवाने आई थी और उसका पासपोर्ट भी घर वालों ने ही पैसे लगाकर बनवाया था। उस समय वह नाबालिग थी, लेकिन अब 18 साल की हो चुकी है। दादी के अनुसार मोनालिसा ने ही अपने पिता से कहा था कि चलो केरल घूमकर आते हैं।
लेकिन जब उसे वापस घर चलने के लिए कहा गया, तो उसने साफ मना कर दिया और कहा कि वह अब वहां नहीं जाएगी। दादी के मुताबिक उसने यह भी कहा कि वहां लोग उसे घेर लेते हैं और वह वापस नहीं जाना चाहती।
मोनालिसा की शादी अपनाएंगे?
जब दादी से पूछा गया कि अगर मोनालिसा अपने पति के साथ घर आए तो क्या परिवार उसे अपनाएगा, तो उन्होंने कहा कि आखिर वह उनकी ही बेटी है। क्या उसे मार दिया जाएगा या उससे दुश्मनी की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग पहले से ही कहते थे कि वह अपनी जाति में शादी नहीं करेगी और परिवार ने भी यही सोचा था कि शायद वह दूसरी जाति में शादी करे।
दादी ने कहा कि जब मोनालिसा कुंवारी थी, तब उसके लिए रिश्ते भी देखे जाते थे, लेकिन जब उसने हिरोईन बनने की बात कही, तो परिवार ने यह सब बंद कर दिया। अब परिवार का कहना है कि वह जहां रहना चाहती है, वहीं रहे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।




साइन इन