MP में 5 महीने की गर्भवती निकली नाबालिग, लगाया गैंगरेप का आरोप; मामले की सच्चाई ने सबको चौंकाया
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। वहां शुरुआती जांच में ही पुलिस को घटनाक्रम में कई विरोधाभास नजर आए। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए लेडी एसआई ने लड़की से अलग से पूछताछ की।

मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक नाबालिग लड़की जब अपने प्रेमी की वजह से गर्भवती हो गई, तो लोकलाज के डर से उसने अपने प्रेम प्रसंग को छिपाने के लिए गैंगरेप की झूठी कहानी गढ़ दी। इस दौरान उसने स्कूल के एक शिक्षक और दो नकाबपोशों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा दिया। हालांकि, महिला पुलिस अधिकारी की सूझबूझ और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने यह झूठ ज्यादा देर नहीं टिक सका और जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया।
दरअसल मामले की शुरुआत मंगलवार शाम को उस समय हुई, जब एक बुजुर्ग महिला अपनी 16 वर्षीय पोती को तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि नाबालिग 5 महीने की गर्भवती है, यह बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घबराहट और बदनामी के डर से लड़की ने तुरंत एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई कि स्कूल के एक शिक्षक और दो अज्ञात नकाबपोशों ने उसके साथ गैंगरेप किया है।
ऐसे खुल गई नाबालिग के झूठ की पोल
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। वहां शुरुआती जांच में ही पुलिस को घटनाक्रम में कई विरोधाभास नजर आए। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए लेडी एसआई प्रीति कुशवाहा ने लड़की को विश्वास में लेकर उससे अलग से लंबी पूछताछ की। दबाव हटने पर लड़की ने सच उगल दिया।
बॉयफ्रेंड ने ही बताई थी झूठी कहानी
उसने बताया कि गांव के ही एक लड़के के साथ उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा है और उसी से संबंध बनाने के कारण वह गर्भवती हुई है। लड़की ने कबूला कि जब उसे अपने गर्भवती होने का पता चला, तो उसके बॉयफ्रेंड ने ही उसे सलाह दी कि वह टीचर और नकाबपोशों पर गैंगरेप का आरोप लगा दे, ताकि किसी को उनके रिश्ते का पता न चले।
जांच में जुटी पुलिस
इस खुलासे के बाद सतना पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं डीएसपी मनोज दीक्षित ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रामपुर में 16 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने का मामला जिला अस्पताल के माध्यम से आया था। पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन