भोपाल में MBA छात्रा से रेप, गंदे वीडियो और ब्लैकमेलिंग; 29 साल का इंजीनियर निकला हैवान
भोपाल में एमबीए छात्रा से हैवानियत का मामला सामने आया है। 29 साल के डेटा इंजीनियर ने उसे फंसाकर रेप किया, गंदे वीडियो बनाए और फिर ब्लैकमेलिंग करता रहा।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सनसनीखेज मामला सामने आया है। 24 साल की एमबीए छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रेप के आरोप में 29 वर्षीय डेटा इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामला अशोका गार्डन थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता की पहली मुलाकात जून 2025 में पीड़िता के बड़े भाई की शादी के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ समय तक संपर्क बना रहा। अगस्त 2025 में किसी कारणवश पीड़िता ने आरोपी से दूरी बना ली और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
आत्महत्या की धमकी देकर मिलने का दबाव बनाया
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने लगातार संपर्क करने की कोशिश की और पीड़िता को भावनात्मक रूप से दबाव में लेने के लिए आत्महत्या की धमकी दी। इसी दबाव में आकर पीड़िता सितंबर 2025 में आरोपी से मिलने उसके घर पहुंची। यहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
ब्लैकमेलिंग कर कई बार रेप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस वीडियो के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और कई बार उसका यौन शोषण किया। जब पीड़िता ने विरोध किया और संपर्क खत्म करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
मार्च 2026 में आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता को फिर धमकाया और उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अशोका गार्डन थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के मोबाइल व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वीडियो का दुरुपयोग या प्रसार तो नहीं किया गया।




साइन इन