बदल गया मध्य प्रदेश का मौसम, अचानक हुई झमामझ बारिश; 15 जिलों में अलर्ट
गर्मी की आहट के बीच मध्य प्रदेश का मौसम अचानक एक बार फिर से बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में अचानक बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Madhya Pradesh Rainfall: गर्मी की दस्तक से पहले मध्य प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत दी। राजधानी भोपाल में भी शाम के वक्त बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है।
हालांकि बारिश के बावजूद भोपाल में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
क्यों बदला मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके साथ चक्रवाती परिसंचरण 3.1 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा पूर्वोत्तर अरब सागर और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में भी ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ भी 27 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इन सभी सिस्टमों के संयुक्त असर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
इन जिलों में गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी-गरज और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
भोपाल में बुधवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की औसत रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
फिलहाल मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन उमस अभी भी परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।




साइन इन