पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल बचाने को कहा, जज साहब भी साइकिल से गए अदालत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई अपील के बाद मध्य प्रदेश में जबलपुर हाई कोर्ट के जज जस्टिस द्वारकाधीश बंसल साइकिल से अदालत गए और दूसरों को भी ऐसा करने के प्रति प्रेरित किया।

ईरान-अमेरिका युद्ध की वजह से दुनियाभर में उपजे संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल वाली गाड़ियों का कम इस्तेमाल की अपील की है। प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद मध्य प्रदेश में एक जज साहब साइकिल से अदालत जाते दिखे। जबलपुर हाई कोर्ट के जज जस्टिस द्वारकाधीश बंसल साइकिल से अदालत गए और दूसरों को भी ऐसा करने के प्रति प्रेरित किया।
जबलपुर बेंच के जज जस्टिस बंसल सिविल लाइंस इलाके में मौजूद अपने आवास से करीब 3 किलोमीटर दूर साइकिल चलाकर अदालत तक पहुंचे। उनके साथ एक स्टाफ सदस्य भी साइकिल से ही पहुंचा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में जज साहब साइकिल चलाते हुए दिख रहे हैं। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह संदेश देने का फैसला किया कि जजों को भी ईंधन बचाने के प्रयास में शामिल होना चाहिए।
जज साहब ने बताया क्यों साइकिल से गए अदालत
जस्टिस बंसल ने कहा, 'मैं दो दिनों से देख रहा हूं कि वैश्विक संकट को देखते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अन्य चीजों के साथ ईंधन बचाने की अपील की है। इसे ध्यान में रखते हुए मुझे लगा कि हाई कोर्ट साइकिल से जाना चाहिए और आम लोगों को एक संदेश देना चाहिए कि छोटी दूरियों के लिए जब भी संभव हो इसका इस्तेमाल करें।'
जज ने कहा- हम विशेष नहीं
जस्टिस बंसल ने कहा कि वह नियमित तौर पर जबलपुर में चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा के साथ साइकिल चलाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि जजों भी सामान्य नागरिक कर्तव्यों से अलग नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'मैं जबलपुर शहर के आसपास चीफ जस्टिस संजीव सजदेवा के साथ कभी-कभी साइकलिंग करता हूं। मुझे नहीं लगता कि साइकिल चलाना कोई बहुत बड़ा काम है। सिर्फ इसलिए कि हम हाई कोर्ट के जज हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि हम विशेष हैं।'
पीएम मोदी ने क्यों और क्या अपील की है?
जज साहब ऐसे समय पर साइकिल से अदालत गए जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दो दिनों में दो बार जनता से अपील की कि ईंधन बचाने की कोशिश करें। पश्चिम एशिया में जारी संकट की वजह से पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर संकट उत्पन्न हुआ है और दुनिया के अधिकतर देशों में सरकारों को कई तरह की पाबंदियां लगानी पड़ी हैं। पीएम मोदी ने पेट्रोल डीजल वाली गाड़ियों के कम इस्तेमाल, यथासंभव वर्क फ्रॉर्म होम और विदेश यात्रा आदि ना करने की सलाह दी है। उन्होंने एक साल तक सोना नहीं खरीदने की भी अपील की और कहा कि ऐसा करने से विदेशी मुद्रा बचेगी और देश की सेवा होगी।




साइन इन