Lawrence Bishnoi Gang Indore Link Exposed Builder Spied On in 5 Crore Extortion Plot लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इंदौर कनेक्शन, बड़े बिल्डर की जासूसी की; 5 करोड़ की फिरौती की थी साजिश, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इंदौर कनेक्शन, बड़े बिल्डर की जासूसी की; 5 करोड़ की फिरौती की थी साजिश

लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े एक आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने बताया कि शहर के एक बड़े बिल्डर की पूरी रेकी कर उसकी लोकेशन, फोटो और निजी जानकारी गैंग तक पहुंचाई थी।

Mon, 27 April 2026 10:49 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का इंदौर कनेक्शन, बड़े बिल्डर की जासूसी की; 5 करोड़ की फिरौती की थी साजिश

इंदौर में एक बार फिर अंतरराज्यीय गैंगस्टर नेटवर्क की जड़ें सामने आई हैं। लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े एक आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कबूल किया है कि उसने शहर के एक बड़े बिल्डर की पूरी रेकी कर उसकी लोकेशन, फोटो और निजी जानकारी गैंग तक पहुंचाई थी। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

पुलिस के मुताबिक, देवास से पकड़े गए आरोपी रितेश उर्फ सोनू खंगार (सोलंकी) ने पूछताछ में बताया कि उसने इंदौर के बिल्डर विवेक दम्मानी की गतिविधियों पर नजर रखी और उनके घर व ऑफिस की लोकेशन सहित अहम जानकारियां जुटाकर गैंग तक पहुंचाईं। इस जानकारी का इस्तेमाल कर गैंग ने बिल्डर को डराने-धमकाने और पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:2 दिन तक रेकी की, मासूमों को बगीचे से कर लिया किडनैप; 5 घंटे में खुलासा

बिल्डर की जासूसी कर गैंग को डिटेल दी

मामले में राजेश त्रिपाठी (डीसीपी क्राइम) ने बताया कि इस नेटवर्क की कड़ी आरोपी राजपाल चंद्रावत से जुड़ी है, जिसे खरगोन जिले की जेल से रिमांड पर लिया गया है। राजपाल, गैंग के विदेशी हैंडलर हैरी बॉक्सर के सीधे संपर्क में था और फेसटाइम के जरिए बातचीत करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल ने ही रितेश को बिल्डर की रेकी का जिम्मा सौंपा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अपने कफन की तैयारी कर लो... लॉरेंस ऑफ पंजाब का विरोध करने वालों को धमकी

पकड़ा गया आरोपी पेशे से ड्राइवर

खुलासे के अनुसार, आरोपी रितेश पेशे से ड्राइवर है और वह अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से इस गैंग के संपर्क में आया था। उसने रेसकोर्स रोड स्थित बिल्डर के घर की लोकेशन, फोटो और अन्य निजी जानकारी इकट्ठा कर राजपाल के जरिए हैरी बॉक्सर तक पहुंचाई। इतना ही नहीं, गैंग द्वारा दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की घटनाओं को भी अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।

रितेश पर कई आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रितेश पर पहले से ही नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी उजागर होती है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और क्या शहर के अन्य कारोबारी भी गैंग के निशाने पर थे।

इंदौर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -हेमंत

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।