Prepare your shroud Threat issued to those opposing Lawrence of Punjab अपने कफन की तैयारी कर लो... ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ का विरोध करने वालों को धमकी, Punjab Hindi News - Hindustan
More

अपने कफन की तैयारी कर लो... ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ का विरोध करने वालों को धमकी

एक दिन पहले शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर बनी सीरीज लॉरेंस ऑफ पंजाब की रिलीज पर रोक लगा दी थी। सीरीज 27 अप्रैल को जी5 पर रिलीज होने वाली थी।

Sat, 25 April 2026 01:44 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
अपने कफन की तैयारी कर लो... ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ का विरोध करने वालों को धमकी

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्‍नोई की जिंदगी से प्रेरित विवादित डॉक्‍यू-सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' पर केंद्र सरकार के बैन लगा दिया है। इस फैसले के एक दिन बाद इसका विरोध करने वालों को धमकी मिली है। पंजाब के कई बड़े चेहरों को विदेशी व्हाट्सऐप नंबरों से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया शामिल हैं। सभी को एक जैसे संदेश भेजे गए हैं। मैसेज में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है और कहा गया है कि अपने कफन की तैयारी कर लो।

गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस संबंध में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को सूचित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टरों को केंद्रीय एजेंसियों का संरक्षण प्राप्त है, तभी लॉरेंस बिश्नोई, जो गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, बाहर से गतिविधियां संचालित कर रहा है। गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, जो डिब्रूगढ़ जेल में बंद है, खुलेआम मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है। इस बीच, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब कांग्रेस गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगी और गैंगस्टर मुक्त पंजाब उनकी पार्टी की शीर्ष प्राथमिकता है।

केंद्र सरकार ने लगाई थी रोक

एक दिन पहले शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर बनी सीरीज लॉरेंस ऑफ पंजाब की रिलीज पर रोक लगा दी थी। सीरीज 27 अप्रैल को जी5 पर रिलीज होने वाली थी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने लॉरेंस ऑफ पंजाब को प्रसारित न किए जाने के आदेश जी5 को दिए। केंद्र सरकार द्वारा यह जानकारी दिए जाने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया।

केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने अदालत को बताया कि मंत्रालय ने मंच को इस सीरीज को जारी न करने की सलाह दी है। वहीं पंजाब सरकार की ओर से पेश एडवोकेट जनरल ने अदालत को बताया कि राज्य सरकार ऐसे कंटेंट के खिलाफ है, जो अपराध को महिमामंडित करता है और युवाओं को गलत दिशा में ले जाता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य अब तक 2600 से अधिक ऐसे लिंक बंद कर चुका है, जिनमें अपराधी गतिविधियों का प्रचार किया गया।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने दायर की थी याचिका

इस डॉक्यू सीरीज के खिलाफ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वड़िंग का मानना है कि पंजाब पहले से ही नशा और गन-कल्चर जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में इस तरह का कंटेंट आग में घी डालने का काम करता है। राजा वड़िंग ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक को और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी इस संबंध में एक औपचारिक शिकायत भेजी थी। इसको लेकर पंजाब पुलिस ने केंद्र को पत्र लिख राज्य का माहौल खराब होने का हवाला देकर रोक की मांग की थी।

लॉरेंस बिश्नोई के परिवार ने भी की थी रोक लगाने की मांग

लॉरेंस बिश्नोई के परिवार ने भी इस सीरीज के कंटेंट, इसके निर्माण की प्रक्रिया और रिलीज होने के समय पर सवाल खड़े किए थे। लॉरेंस के चाचा रमेश का कहना है कि वेब सीरिज बनाने के लिए न तो परिवार से परमिशन ली गई है और न ही सरकार से। फिल्म के प्रोड्यूसर पर इस मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।लॉरेंस को एक बड़े गैंगस्टर और फिरौती सिंडिकेट के मास्टरमाइंड के रूप में पर्दे पर उतारा गया है, वह पूरी तरह से एकतरफा और भ्रामक है। रमेश बिश्नोई का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री में जो भी दिखाया जाएगा वो एक डॉक्यूमेंट बन जाएगा। परिवार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट व सरकार से अपील कर इस वेब सीरिज पर पाबंदी लगाने की मांग की थी।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।