खेद है… विवादित बोल पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी, वीडियो हुआ था वायरल
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बीच 'विवादित बयान' देने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने माफी मांगी है। वहीं मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश देते हुए तीन अधिकारियों पर कार्रवाई की है।

मध्यप्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी के संकट के बीच मीडिया के एक सवाल पर गलत शब्द निकलने पर माफी मागी है। उन्होंने कहा कि वो दुख की अवस्था में थे। उन्होंने एक्स पर बताया कि लेकिन जब तक मेरे लोग पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ नहीं हो जाते, वो शांत नहीं बैठेंगे।
विजयवर्गीय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'मैं और मेरी टीम पिछले दो दिनों से बिना सोए प्रभावित क्षेत्र में लगातार स्थिति सुधारने में जुटी हुई है। दूषित पानी से मेरे लोग पीड़ित हैं और कुछ हमें छोड़कर चले गए, इस गहरे दु:ख की अवस्था में मीडिया के एक प्रश्न पर मेरे शब्द गलत निकल गए। इसके लिए मैं खेद प्रकट करता हूं। लेकिन जब तक मेरे लोग पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ नहीं हो जाते, मैं शांत नहीं बैठूंगा।'
वीडियो वायरल होने के बाद सफाई
दरअसल, मंत्री से जब निजी अस्पतालों में इलाज के बिल रिफंड और साफ पानी की व्यवस्था पर सवाल पूछा गया, तो वे भड़क उठे और 'फोकट के सवाल मत पूछो' जैसे शब्द कह दिए। यह वाकया कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। विवाद बढ़ने पर मंत्री ने तुरंत माफी मांग ली।
स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी का हाहाकार
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज से सीवरेज का पानी मिलने से बड़ा संकट पैदा हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं और 1,100 से अधिक प्रभावित हुए हैं। डायरिया व उल्टी-दस्त का प्रकोप फैला हुआ है। यह क्षेत्र मंत्री विजयवर्गीय का विधानसभा क्षेत्र होने से मामला और गंभीर हो गया।
सरकार ने लिया एक्शन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच कमेटी गठित की है। लापरवाही के लिए तीन अधिकारियों पर एक्शन लिया गया। सरकार ने एक को बर्खास्त और दो को सस्पेंड किया है। मरीजों का मुफ्त इलाज, अलग वार्ड, एम्बुलेंस और टैंकरों से साफ पानी की सप्लाई शुरू की गई है। मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान हुआ।




साइन इन