Horrific Road Accident in Dhar, MP, more than 10 Dead in Pickup-Scorpio Collision MP के धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-स्कॉर्पियो की टक्कर में 12 लोगों की मौत; CM ने की आर्थिक मदद की घोषणा, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP के धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-स्कॉर्पियो की टक्कर में 12 लोगों की मौत; CM ने की आर्थिक मदद की घोषणा

घायलों की संख्या को देखते हुए इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं सीएमएचओ डॉ माधव हसानी ने बताया कि धार से आने वाले घायलों के बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं।

Wed, 29 April 2026 10:55 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, धार, मध्य प्रदेश
share
MP के धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-स्कॉर्पियो की टक्कर में 12 लोगों की मौत; CM ने की आर्थिक मदद की घोषणा

इंदौर के करीब धार जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 12 मजदूरों की मौत हो गई है, वहीं 20 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच उस वक्त हुआ, जब करीब 35 मजदूर धार जिले के बग्गड़ क्षेत्र से पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान अनियंत्रित पिकअप वाहन पलट गया और सामने से आ रही एक एसयूवी से टकरा गया।

यह भयानक एक्सीडेंट इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर होटल पंचवटी के आगे चिकलिया पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात को हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और हादसे में प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क करने का आश्वासन भी दिया है।

घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी और धार CMHO अस्पताल में मरीजों से मिलने पहुंचे। यहां कलेक्टर ने सभी के बेहतर उपचार के लिए निर्देश दिए है।

इंदौर में भी अलर्ट पर अस्पताल

घायलों की संख्या को देखते हुए इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं सीएमएचओ डॉ माधव हसानी ने बताया कि धार से आने वाले घायलों के बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ने जताया दुख, प्रभावितों के लिए की राहत राशि की घोषणा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने लिखा, 'धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं।'

आगे इस घटना से प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए उन्होंने लिखा, 'मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा।'

अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, 'ईश्वर दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।'

नेता प्रतिपक्ष ने भी जताया दुख, घायलों के समुचित इलाज की मांग की

उधर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र एवं उचित सहायता प्रदान करने की मांग की। इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘धार जिले के तिरला बायपास, चिकलिया के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में महिलाओं एवं बच्चों सहित अनेक लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।’

आगे उन्होंने लिखा, 'ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। राज्य सरकार से अपेक्षा है कि घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र एवं उचित सहायता प्रदान की जाए।'

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।