कुरान के साथ भगवत गीता पढ़ें छात्र; MP में IPS अधिकारी ने मदरसे के बच्चों को दी अनोखी सलाह
IPS अधिकारी राजा बाबू सिंह इससे पहले कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर जनरल के रूप में काम कर चुके हैं और पहले भी पुलिस ट्रेनिंग स्कूलों में धार्मिक पाठ आयोजनों को लेकर खबरों में रह चुके हैं।

मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने मदरसों के बच्चों से कुरान के साथ भगवत गीता पढ़ने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि ऐसा करने से उनका रास्ता रोशन होगा। यह बात एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (ट्रेनिंग) राजा बाबू सिंह ने सोमवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर सीहोर जिले के डोराहा गांव में स्थित मदरसे के छात्रों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बात करते हुए कही।
इस बारे में PTI को जानकारी देते हुए 1994 बैच के IPS अधिकारी सिंह ने बताया कि, 'मदरसे के मौलाना साहब मेरे पुराने दोस्त हैं। उन्होंने मुझसे गणतंत्र दिवस पर छात्रों को संबोधित करने का अनुरोध किया था। इस दौरान मैंने छात्रों को उनको मिल रही शिक्षा के लिए बधाई दी, साथ ही छात्रों और उनके शिक्षकों से पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक सोच और सहनशीलता के प्रति चिंता विकसित करने को कहा।'
1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी ने आगे कहा कि 'उन्होंने छात्रों से पवित्र कुरान के साथ भगवत गीता का भी अध्ययन करने को कहा, क्योंकि यह सदियों से मानवता को रोशन कर रही है।' सिंह ने आगे बताया कि उन्होंने छात्रों से कहा कि भारत एक विशाल देश है और कश्मीर से कन्याकुमारी तक इसकी अखंडता और एकता को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।

IPS अधिकारी राजा बाबू सिंह इससे पहले कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर जनरल के रूप में काम कर चुके हैं और पहले भी पुलिस ट्रेनिंग स्कूलों में धार्मिक पाठ आयोजनों को लेकर खबरों में रह चुके हैं, जब उन्होंने मध्य प्रदेश के सभी पुलिस ट्रेनिंग स्कूलों को अपने रंगरूटों के लिए भगवत गीता और रामचरितमानस पाठ सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया था। इसकी वकालत करते हुए कहा था कि इससे उन्हें सही जीवन जीने में मदद मिलेगी।




साइन इन