पश्चिमी विक्षोभ के असर से MP में इस हफ्ते 3 दिन होगी बारिश, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
बीते दिन सबसे घना कोहरा रीवा और छतरपुर (खजुराहो) जिलों में रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम विजिबिलिटी रीवा में 500 से 1000 मीटर तक दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस शिवपुरी में दर्ज किया गया।

उत्तर भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों सर्दी के मौसम में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव का अनुमान है। इस दौरान विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होने और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बारिश और बिजली गिरने के साथ घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर, आगर, सागर जिलों में मध्यम कोहरे के साथ झंझावात और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
कैसा रहा बीते दिन का मौसम, कहां गिरा पानी
मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई एवं शेष सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान बड़वानी में 0.5 मिलीमीटर और गुना में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस शिवपुरी में दर्ज किया गया, वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस मंडला में दर्ज किया गया। बीते दिन सबसे घना कोहरा रीवा और छतरपुर (खजुराहो) जिलों में रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम विजिबिलिटी रीवा में 500 से 1000 मीटर तक दर्ज की गई।
इस हफ्ते इन जिलों में बारिश का अनुमान
27 जनवरी (मंगलवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दतिया, निवाड़ी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
28 जनवरी (बुधवार) के लिए मौसम विभाग ने मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा और मउगंज जिलों के लिए कहीं-कहीं हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
31 जनवरी (शनिवार) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों के लिए हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम की सिनोप्टिक परिस्थितियां
पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तर पाकिस्तान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में माध्य समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। एक टूफ मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर उत्तर की ओर विस्तृत है। एक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ट्रफ वर्तमान में पूर्वोत्तर अरब सागर से उत्तर पंजाब तक, सौराष्ट्र, कच्छ तथा पश्चिम राजस्थान से होकर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक विस्तृत है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर, लगभग 250 किमी/घंटा की गति से उपोष्ण पछुआ जेट स्ट्रीम प्रभावी है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।




साइन इन