राजा रघुवंशी मर्डर: जेल में ही रहेगा सोनम का कथित प्रेमी राज कुशवाह, कोर्ट में जमानत याचिका खारिज
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपित राज कुशवाह की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक सोनम के राज कुशवाह के साथ प्रेम संबंध हैं और दोनों ने मिलकर ही इस हत्याकांड की साजिश रची जिसमें दो अन्य लोगों ने भी उनकी मदद की।

गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ न्यायालय ने एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है। राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राज कुशवाहा को राहत देने से साफ इनकार करते हुए कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया। बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि अंडर ट्रायल कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखना उनके अधिकारों का हनन है और एक साल से अधिक समय जेल में बिताने के आधार पर जमानत दी जानी चाहिए, लेकिन कोर्ट ने इस तर्क को सिरे से नकार दिया।
अदालत ने साफ कहा कि मामला बेहद गंभीर है और उपलब्ध तथ्यों को नजरअंदाज कर किसी भी तरह की राहत देना न्याय के साथ समझौता होगा। कोर्ट के इस सख्त फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया कि अपराध की गंभीरता के सामने तकनीकी दलीलें टिक नहीं सकतीं।
कोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता को देखा
राज कुशवाहा की याचिका खारिज होने के बाद अब अन्य आरोपियों के लिए भी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। माना जा रहा है कि अदालत के इस कड़े रुख के बाद बाकी आरोपियों की जमानत की राह लगभग बंद हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोई नरमी बरतने से साफ इनकार कर दिया है। आपको बता दें कि राज कुशवाह के अलावा उसके तीन दोस्त आकाश, आनंद और विशाल शिलांग जेल में बंद है।
11 मई 2025 को शादी की थी
राजा रघुवंशी 23 मई 2025 को अपने हनीमून के दौरान लापता हो गए थे और उनका शव दो जून को सोहरा क्षेत्र में एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। दोनों ने 11 मई 2025 को शादी की थी। पुलिस ने तेज धारधार हथियार से हत्या की पुष्टि की थी। पुलिस के मुताबिक सोनम के राज कुशवाह के साथ प्रेम संबंध हैं और दोनों ने मिलकर ही इस हत्याकांड की साजिश रची जिसमें दो अन्य लोगों ने भी उनकी मदद की। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 लोगों को आरोपी बनाया है।
सोनम को कब किया गया था गिरफ्तार?
सोनम को राजा रघुवंशी की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से 9 जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत मिलने से पहले, 10 महीने से ज्यादा समय तक शिलांग में न्यायिक हिरासत में बंद रही।
रिपोर्ट - हेमंत
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन