raj kushwaha demands bail on sonam raghuvanshi grounds सोनम रघुवंशी की बेल देख राज की बढ़ीं उम्मीदें, अदालत में क्या दीं दलीलें, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सोनम रघुवंशी की बेल देख राज की बढ़ीं उम्मीदें, अदालत में क्या दीं दलीलें

राज की ओर से दलीलें दी गईं कि चूंकि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंसी को जमानत दी जा चुकी है, इसलिए कुशवाहा भी 'समानत के सिद्धांत' के आधार पर राहत का हकदार है।

Thu, 30 April 2026 09:58 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
सोनम रघुवंशी की बेल देख राज की बढ़ीं उम्मीदें, अदालत में क्या दीं दलीलें

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के करीब 11 महीने बाद आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। शिलॉन्ग की अदालत से सोनम को राहत मिलते देख उसके प्रेमी और इस केस के दूसरे साजिशकर्ता राज कुशवाहा की उम्मीदें भी बढ़ गईं। सोनम के बाद राज ने भी अदालत का दरवाजा खटखटाया और 'समानता के आधार' पर अपने लिए राहत की मांग की है।

शिलॉन्ग टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुशवाहा के वकील फुयोसा योबिन ने इस बात की पुष्टि की कि जमानत याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। राज की ओर से दलीलें दी गईं कि चूंकि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंसी को जमानत दी जा चुकी है, इसलिए कुशवाहा भी 'समानत के सिद्धांत' के आधार पर राहत का हकदार है। योबिन ने कहा, 'अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है।'

यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब अडिशनल डिप्युटी कमिश्नर (ज्यूडिशियल) डॉ. खरबटेंग ने मंगलवार को सोनम की जमानत मंजूर कर ली थी। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की ओर से 790 पन्नों की चार्जशीट दायर कर दिए जाने के बाद सोनम रघुवंशी को जमानत देते हुए अदालत ने प्रक्रियागत खामियों की वजह से जमानत को उचित बताया।

हनीमून के बहाने हुई थी राजा की हत्या

एसआईटी ने चार्जशीट में आरोप लगाया है कि सोनम रघुवंसी ने राज कुशवाहा के साथ मिलकर अपने पति को मारने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान को हायर किया था। साजिश के तहत सोनम राजा को लेकर हनीमून के बहाने शिलॉन्ग पहुंची थी। यहां एक पहाड़ी पर राज के तीन दोस्तों के साथ मिलकर सोनम ने राजा की बेरहमी से हत्या कर दी और खाई में फेंक दिया। 2 जून को राजा रघुवंशी की लाश मिली थी और बाद में सोनम यूपी के गाजीपुर से पकड़ी गई थी। पुलिस ने पिछले साल सितंबर में चार्जशीट दाखिल की थी।

जानकार बोले- राज को भी फायदा संभव

हालांकि, गिरफ्तारी प्रक्रिया से जुड़ी 'प्रक्रियागत गलती' का फायदा सोनम रघुवंशी को मिल गया है और उसे जेल से बाहर निकलने का रास्ता मिल गया। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मुख्य आरोपी की जमानत बरकरार रहती है, तो बाकी आरोपियों को जेल में बनाए रखना अभियोजन पक्ष के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाएगा। सोनम से पहले आकाश, आनंद और विशाल को जमानत मिल चुकी है। हत्याकांड के आरोप में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सोनम के अलावा राज भी गिरफ्तारी के बाद से ही लगातार शिलॉन्ग जेल में बंद है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।