Indore Water Contamination Deaths Rise To 21, Congress Leads Protest March इंदौर पानी कांड में मौतों का आंकड़ा 21 पहुंचा, कांग्रेस ने निकाला ‘जस्टिस मार्च’, 1-1 करोड़ और FIR की मांग, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंदौर पानी कांड में मौतों का आंकड़ा 21 पहुंचा, कांग्रेस ने निकाला ‘जस्टिस मार्च’, 1-1 करोड़ और FIR की मांग

रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शहर में ‘जस्टिस मार्च’ निकालते हुए सरकार और नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा, दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Sun, 11 Jan 2026 08:38 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
इंदौर पानी कांड में मौतों का आंकड़ा 21 पहुंचा, कांग्रेस ने निकाला ‘जस्टिस मार्च’, 1-1 करोड़ और FIR की मांग

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भगीरथपुरा इलाके में दूषित पेयजल पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शहर में ‘जस्टिस मार्च’ निकालते हुए सरकार और नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा, दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

यह मार्च बड़ा गणपति चौक से शुरू होकर राजवाड़ा तक निकाला गया। मार्च का नेतृत्व महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, समेत कई नेता शामिल रहे। मार्च के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कलेक्टर या कार्यकर्ता? RSS ऑफिस पहुंचे अफसर तो जीतू पटवारी ने उठाए सवाल, चेतावनी
ये भी पढ़ें:फर्जीवाड़ा? कांग्रेस ने इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिलने पर उठाए सवाल

मार्च के दौरान दिग्विजय सिंह और उमंग सिंघार एक वाहन की छत पर चढ़कर लोगों को संबोधित करते नजर आए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इंदौर में नगर निगम से लेकर संसद तक भाजपा का ही नियंत्रण है, इसलिए जिम्मेदारी से भागने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लंबी है और कांग्रेस घर-घर जाकर लोगों को सच बताएगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक मौतों की संख्या छिपाने की कोशिश कर रही है और शहर के कुछ हिस्सों में अब भी दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा, “लोग साफ पानी की भीख नहीं मांग रहे, यह उनका अधिकार है। इस लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा पिछले 20 वर्षों से राज्य की सत्ता में और 24 वर्षों से नगर निगम पर काबिज है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाला इंदौर अपने नागरिकों को स्वच्छ पेयजल क्यों नहीं दे पा रहा। पटवारी ने इंदौर के महापौर के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस ने ऐलान किया कि वह इंदौर के शहरी इलाकों में वॉटर ऑडिट करेगी और विभिन्न स्थानों से पानी के सैंपल लेकर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही, शहरभर में पानी की गुणवत्ता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।