बाप के कहने पर चढ़ा दी कार; चश्मदीद ने बताई कैसे हुई इंदौर में इंजीनियर की मौत
इंदौर में पेंटहाउस विवाद मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के बाद कई खुलासे हो रहे हैं। घटना के समय वहां मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि सबकुछ बस कुछ सेकेंड में हुआ।

इंदौर में पेंटहाउस विवाद मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के बाद कई खुलासे हो रहे हैं। घटना के समय वहां मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि सबकुछ बस कुछ सेकेंड में हुआ। वहीं बताया ये भी जा रहा है कि पेंटहाउस के मालिक ने ही अपने बेटे को लोगों पर गाड़ी चढ़ाने के लिए कहा था। दरअसल यहां एक रिहायशी इलाके में एक पेंटहाउस को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि ये विवाद इतना भयाक रूप ले लेगा कि इसमें एक महिला की मौत हो जाएगी। बुधवार को पेंटहाउस के मालिक इस विवाद के चलते इस कदर बौखला गए कि मालिक के बेटे ने एक महिला को अपनी कार से टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई।
मामला पेंटहाउस की गतिविधियों को लेकर शुरू हुआ था, जिस पर अन्य निवासियों को आपत्ति थी। विवाद बढ़ने पर पेंटहाउस मालिक कुलदीप चौधरी ने अन्य फ्लैटों की बिजली काट दी, जिससे गुस्साए लोग नीचे जमा हो गए। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और इस दौरान कुलदीप के बेटे मोहनीश पर एक निवासी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। जब निवासियों ने पुलिस के आने तक बेटे को रोकने के लिए सोसाइटी का गेट बंद कर दिया, तो हालात बेकाबू हो गए।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपरोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों ने बताया कि कुलदीप ने चिल्लाकर अपने बेटे से भीड़ पर गाड़ी चढ़ाने को कहा। इसके बाद तेज रफ्तार कार ने वहां खड़े लोगों को कुचल दिया। गाड़ी को बार-बार आगे-पीछे करके लोगों को टक्कर मारी गई, जिससे अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस जानलेवा हमले में घायल हुए हुई महिला की बाद में मौत हो गई, जिससे पूरी सोसायटी में मातम और दहशत का माहौल है।
बाप-बेटा गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि लोगों ने कार चढ़ाने के आरोप में एक शख्स और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि दो बच्चों की मां शंपा पाठक पांडेय की गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। न्होंने बताया कि यह घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब पेंटहाउस के मालिक 42 साल के कुलदीप चौधरी और उसके बेटे 18 साल के मोहित चौधरी ने विरोध कर रहे लोगों को कार से टक्कर मार दी।
दंडोतिया के अनुसार, पेंटहाउस के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर तेज रफ्तार से कार चलाते हुए विरोध कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि गाड़ी ने पहले एक महिला को टक्कर मारी और फिर शंपा को कुचल दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और ब्रेन में ब्लि़डिंग हुई।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि शंपा को बॉम्बे अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। शंपा बेंगलुरु स्थित एक प्रमुख आईटी सेवा कंपनी में कार्यरत थीं। इस घटना में घायल दूसरी महिला का इलाज जारी है। दंडोतिया ने बताया कि यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक इमारत में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। उन्होंने कहा, कुलदीप और मोहित को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




साइन इन