बेटी की पढ़ाई के लिए टीवी बंद करने को बोली तो चाकू लेकर टूट पड़ा, इंदौर में पति का खौफनाक चेहरा
मध्य प्रदेश में एक पति और पिता का खौफनाक चेहरा सामने आया है। बेटी ने पढ़ाई में डिस्टर्ब होने पर पिता को टीवी बंद करने को कहा। इसको लेकर दोनों में बहस हो गई। इसी बीच उसकी मां आई और उसने भी अपने पति से टीवी बंद करने को कहा। इस बात से गुस्साए पति ने चाकू से अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।

मध्य प्रदेश में एक पति और पिता का खौफनाक चेहरा सामने आया है। बेटी ने पढ़ाई में डिस्टर्ब होने पर पिता को टीवी बंद करने को कहा। इसको लेकर दोनों में बहस हो गई। इसी बीच उसकी मां आई और उसने भी अपने पति से टीवी बंद करने को कहा। इस बात से गुस्साए पति ने चाकू से अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।
इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित ‘कुलकर्णी का भट्टा’ इलाके में एक मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक पिता ने अपनी पत्नी पर सिर्फ इसलिए चाकू से हमला कर दिया क्योंकि उसने बेटी की पढ़ाई में डिस्टर्ब होने पर टीवी बंद करने की बात कही थी।
जानकारी के अनुसार, रेखा निमजे की बेटी मीनाक्षी इन दिनों परीक्षा की तैयारी कर रही है। घटना के समय वह घर में पढ़ाई कर रही थी। उसी दौरान उसका पिता शिवप्रसाद निमजे तेज आवाज में टीवी देख रहा था। तेज आवाज के कारण पढ़ाई में बाधा आ रही थी। इस पर बेटी ने अपने पिता से टीवी बंद करने का अनुरोध किया।
बताया जा रहा है कि इतना सुनते ही शिवप्रसाद का गुस्सा भड़क गया और वह बेकाबू होकर हंगामा करने लगा। पिता और बेटी के बीच बढ़ते विवाद को देखकर रेखा निमजे बीच-बचाव के लिए आगे आईं। उन्होंने पति को समझाने की कोशिश की कि बेटी के पेपर चल रहे हैं और उसे पढ़ाई में परेशानी हो रही है, इसलिए टीवी बंद कर दें।
लेकिन, यह बात शिवप्रसाद को नागवार गुजरी। वह आपा खो बैठा और गाली-गलौज करने लगा। जब रेखा ने उसे गाली देने से रोका तो उसने पास में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और गुस्से में आकर सीधे पत्नी के पेट में वार कर दिया। चाकू लगते ही रेखा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति शिवप्रसाद निमजे के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन