Indore Fire: कैसे घर में रखे सिलेंडरों से मामूली हादसा भीषण अग्निकांड में बदला, 8 जिंदा जले
Indore Fire: इंदौर में बुधवार तड़के घर पर ईवी चार्जिंग में ब्लास्ट के बाद फैली आग में आठ लोग जिंदा जल गए। जांच में बात सामने आई है कि घर के अंदर करीब 15 सिलेंडर भी रखे हुए थे।

Indore Fire: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में बुधवार तड़के घर में लगी भीषण आग में आठ लोग जिंदा जल गए, जिसमें 3 महिलाएं और 3 बच्चे भी थे। मरने वालों में बिहार के 6 लोग थे। यह भीषण आग शहर के बृजेश्वरी एनेक्स इलाके में स्थित एक तीन मंजिला रिहायशी इमारत में सुबह करीब 4 बजे लगी। अग्निकांड के पीछे बड़ी वजह घर के अंदर रखे सिलेंडर में ब्लास्ट भी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घर पर करीब 15 सिलेंडर रखे थे। हालांकि ब्लास्ट एक ही सिलेंडर में हुआ, लेकिन इसने आग को मामूली हादसे से भीषण अग्निकांड में बदल दिया।
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत घर के बाहर खड़े एक इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग पॉइंट पर हुए विस्फोट से हुई। इसके बाद आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई।
एलपीजी सिलेंडरों ने हादसे को अग्निकांड में बदल दिया
जांच में यह भी सामने आया है कि घर के अंदर करीब 15 एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से एक में विस्फोट हो गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मौके पर 2-3 जोरदार धमाके हुए, जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए। इमारत के तीनों फ्लोर पर लोग रह रहे थे। आग लगने के दौरान बिजली चली जाने से इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम फेल हो गया और दरवाजे नहीं खुल सके। इससे लोग अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी मुश्किलें
पुलिस के अनुसार, दमकल और राहत टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गईं थी, लेकिन लगातार धमाकों और घने धुएं के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। टीमों ने पास की इमारत के जरिए अंदर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शुरुआत में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन बाद में छह लोगों को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश मौतें धुएं में दम घुटने से हुईं।
परिवार मूल रूप से राजस्थान का, बिहार से आए थे 6 रिश्तेदार
अभी तक की मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था, जो 32 वर्षों से इंदौर में रह रहे थे। घर पर किसी कार्यक्रम के चलते बिहार से 6 रिश्तेदार भी आए हुए थे।
पीएम मोदी ने जताया शोक
इंदौर आगजनी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक जताया है। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और हर घायल को 50000-50000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
हादसे में इनकी जान गई
इस हादसे में जान गंवाने वालों में विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज पुगालिया (65), सिमरन (30), राशि सेठिया (12), तनय (8) और टीनू (35) शामिल हैं। घायलों में सौरभ पुगालिया (30), आशीष (30) और हर्षित पुगालिया (25) का इलाज जारी है।




साइन इन