लव, लैंड और थूक के बाद अब कथित 'किन्नर जिहाद', MP में सामने आया हैरान करने वाला मामला
धर्म परिवर्तन करने वाले किन्नरों को साथ लेकर किन्नर अखाड़ा के ऋषि अजयदास ने मंगलवार को राजधानी भोपाल में प्रदर्शन किया। अजयदास ने बताया कि वे पिछले 10 सालों से विभिन्न अधिकारियों को इस बारे में ज्ञापन दे रहे हैं और इन्हें दे देकर परेशान हो चुकेहैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

कथित लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद के बाद अब किन्नर जिहाद का मामला सामने आया है। हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की जहां पर किन्नर डेरों में धर्मांतरण के लिए इस जिहाद को चलाने का आरोप लगा है। यह आरोप किन्नरों की एक गुरु (मुखिया) सुरैया हाजी पर लगा है। उन पर आरोप है कि वह हिंदू किन्नरों पर जबरन धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाती हैं। वह हिंदू किन्नरों पर ना केवल नमाज पढ़ने का दबाव बनाती हैं, बल्कि नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले किन्नरों के उपवास भी तुड़वा देती हैं। यहां तक कि उन्हें गौमांस खाने के लिए भी मजबूर करती हैं और मना करने पर लोहे की रॉड से पिटाई करती हैं। यह आरोप किन्नर अखाड़ा के संस्थापक ऋषि अजयदास ने लगाया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद जांच की मांग उठी है।
हिंदू किन्नरों से पैसा छीन, मस्जिदों व मदरसों के लिए देने का आरोप
ऋषि अजयदास का आरोप है कि मंगलवारा में किन्नरों की गुरु (मुखिया) सुरैया हाजी द्वारा हिंदू किन्नरों का धर्मांतरण कराया जा रहा है। इस दौरान उन पर इस्लामिक तरीके से इबादत करने के लिए दबाव बनाया जाता है और कलमा पढ़कर मुसलमान बनने के लिए भी कहा जाता है। अजयदास का तो यहां तक कहना है कि हिंदू किन्नर जो रुपया कमाकर लाते हैं, वह सब उनसे छीनकर मस्जिदें और मदरसे बनाने के लिए दे दिया जाता है। इसके अलावा अजयदास ने कई डेरों में बांग्लादेशी किन्नरों की घुसपैठ करने का आरोप भी लगाया और इसे देश के लिए बड़ा खतरा बताते हुए पुलिस से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पूरे MP में कई किन्नरों का धर्मांतरण करवाने का आरोप
अजयदास ने कहा, 'बहुत सारे लोगों का धर्म परिवर्तन हो चुका है। ऐसे लोगों के लिए हम घर वापसी का अभियान चला रहे हैं, साथ ही ऐसे जो इस्लामिक गादीपति बैठे हुए हैं, उनको हम हटाना चाहते हैं।' उन्होंने बताया कि भोपाल, सागर, इंदौर, जबलपुर, होशंगाबाद (नर्मदापुरम) और इटारसी समेत अन्य शहरों के सैकड़ों किन्नरों को मुसलमान बनाया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि मुसलमान बनाने के बाद इन किन्नरों पर इस्लामिक रीति-रिवाज सीखने के लिए दबाव बनाया जाता है, साथ ही उन पर हर महीने एक फिक्स राशि लाने का दबाव भी बनाया जाता है। इसी तरह के धर्म परिवर्तन करने वाले किन्नरों को साथ लेकर अजयदास ने मंगलवार को राजधानी भोपाल में प्रदर्शन किया। अजयदास ने बताया कि वे पिछले 10 सालों से विभिन्न अधिकारियों को इस बारे में ज्ञापन दे रहे हैं और इन्हें दे देकर परेशान हो चुकेहैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भी जांच की मांग की है।




साइन इन