MP के मालवा में बवाल, बजरंग दल नेता से मारपीट के बाद भड़की हिंसा, 5 आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के बड़ौद में मामूली विवाद के बाद बजरंग दल संयोजक के साथ मारपीट से तनाव फैल गया। हिंदूवादी संगठनों के भारी विरोध और बाजार बंद होने के बाद पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के बड़ौद नगर में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। यहां बजरंग दल के प्रखंड संयोजक के साथ मारपीट और घूरने से भड़का यह बवाल मारपीट व तोड़फोड़ के बाद उग्र रूप ले चुका था। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बाजार बंद हो गए।
हिंदूवादी संगठनों ने किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को लगी तो उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी, जुलूस निकालने और मकान तोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस के साथ सीएसपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल सहित तत्काल मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।
मारपीट का सीसीटीवी वीडियो आया सामने
आगर मालवा जिले के बड़ौद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11 बजे बजरंग दल के प्रखंड संयोजक शंकर सिंह राजपूत कलेक्शन की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान विशेष वर्ग के एक युवक द्वारा घूरने पर विवाद शुरू हुआ और उन्होंने उनके साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इससे गुस्साए हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और शहर भर में प्रदर्शन करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान शहर में दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग करके हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन घटना से नाराज हिंदू पक्ष के लोग बड़ी संख्या में बड़ौद थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया।
जुलूस, बुलडोजर और घर तोड़ने की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वर्ग विशेष के आरोपियों की गिरफ्तारी, उनका जुलूस निकालने तथा उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया। हालांकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था को देखते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद थाने के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के चलते माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। करीब तीन घंटे तक हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत का दौर चलता रहा।
लंबी समझाइश और चर्चा के बाद पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनी। शाम करीब 4 बजे वर्ग विशेष के दो आरोपियों को बड़ौद थाने से बस स्टैंड तक भारी पुलिस बल की तैनाती में जुलूस के रूप में ले जाया गया। जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस की कार्रवाई
सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि पुलिस ने 7 आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 2 आरोपी फिलहाल फरार हैं। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
(रिपोर्ट: विजेन्द्र यादव)




साइन इन