Horrific Accident in Indore, 3 and Half year Old Child Burnt Alive Inside Car Right Before eyes of his Father इंदौर में खतरनाक हादसा, बाप के ही सामने कार में जिंदा जल गया साढ़े तीन साल का मासूम, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंदौर में खतरनाक हादसा, बाप के ही सामने कार में जिंदा जल गया साढ़े तीन साल का मासूम

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद कार का शीशा तोड़कर मासूम के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

Sat, 28 March 2026 03:00 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर, मध्य प्रदेश
share
इंदौर में खतरनाक हादसा, बाप के ही सामने कार में जिंदा जल गया साढ़े तीन साल का मासूम

मध्य प्रदेश में इंदौर शहर के पास सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक स्विफ्ट कार में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से कार में बैठा साढ़े तीन साल का मासूम चिराग जिंदा जल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ, जब चिराग अपने पिता संजय के साथ कार में घूमने के लिए गया था। संजय पेशे से मैकेनिक है और घटना के वक्त एक गाड़ी को ठीक करने गए थे। इस दौरान वह बच्चे को कार में बैठाकर पास में खड़े डीजे वाहन में काम कर रहे थे और इसी दौरान कार में आग लग गई।

मृतक की पहचान चिराग (उम्र 3 वर्ष 6 माह), पिता संजय भायडिया, निवासी रालामंडल, तेजाजीनगर, इंदौर के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार को सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, धीरज चौहान की डीजे गाड़ी खराब होने पर उन्होंने उसे ठीक करने के लिए वाहन मैकेनिक संजय भायडिया को मौके पर बुलाया था।

कार के अंदर बच्चे को खेलता हुआ छोड़ा था

जानकारी मिलने पर संजय अपनी स्विफ्ट कार (DL8-AD3786) से घटनास्थल पहुंचा, इस दौरान वह अपने बेटे को भी घुमाने के लिए अपने साथ ले आया और कार को डीजे वाहन से करीब 40-50 फीट आगे खड़ा कर दिया। इसके बाद संजय, सूचनाकर्ता मनीष खैर (मो. 9009531490) एवं उनके साथी गोलू, रोशन और विकास के साथ डीजे वाहन सुधारने में जुट गए, जबकि चिराग कार में ही खेल रहा था। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को चपेट में ले लिया।

गर्मी की वजह से तेजी से फैल गई आग

कार में आग लगने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहगीरों और वहां मौजूद एक ढाबा संचालक की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, इस दौरान उन्होंने पानी और अग्निशमन यंत्र का भी उपयोग किया, लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने के कारण कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस दौरान मासूम चिराग की अंदर जिंदा जलने से मौत हो गई। यह घटना खंडवा रोड स्थित सेल सिटी के सामने की बताई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में कॉलेज प्रोफेसर ने की छात्रा के साथ छेड़छाड़, लड़की ने काट ली हाथ की नस

दमकल का वाहन पहुंचने से पहले ही जल गई कार

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना सिमरोल थाना क्षेत्र में खंडवा रोड स्थित बाबरीवाल के ढाबे के पास हुई, इस दौरान कार में आग लगने से साढ़े तीन साल के मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में धारा 194 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोठड़ा माता की भविष्यवाणी सुनने उमड़े 15000 लोग, किसानों के लिए आई गुड न्यूज!

सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही दमकल को बुलाया गया, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद कार का शीशा तोड़कर मासूम के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:PM की मिमक्री करने वाले शिक्षक के सस्पेंशन पर रोक, जानिए HC ने क्या कहा?

DSP बोले- बच्चों को कार में अकेला ना छोड़ें

उधर घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि आग लगने की वजह से कार के दरवाजे लॉक हो गए थे, इसके बाद लोगों ने जैसे-तैसे कांच तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला लेकिन तब तक बच्चे की दुखद मृत्यु कार में जलने की वजह से हो गई थी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि इस तरह के हादसे हम सब लोगों के लिए सबक है कि कभी भी छोटे बच्चों को इस तरह कार में अकेले नहीं छोड़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि सिमरोल पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है।

रिपोर्ट- हेमंत

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।