लालच ने दोस्त को बनाया हैवान, MP में जवान के कत्ल की गुत्थी 28 दिन बाद कैसे सुलझी
एमपी में जवान की निर्मम हत्या की गुत्थी 28 दिन बाद आखिरकार सुलझ गई है। 6 जनवरी से जवान लापता था। पुलिस ने खुलासा किया है कि दोस्त ने लूट के लालच में उसका कत्ल किया और फिर शव को झील में फेंक दिया।

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुल्ताई थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। विशेष सशस्त्र बल (SAF) के जवान की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने लूट के लालच में की थी। सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरी साजिश की कड़ी तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
जानकारी के अनुसार, थाना मुल्ताई अंतर्गत ग्राम हरदौली और चैनपुर के बीच झिरी नाले में कुछ दिन पहले एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच के बाद मृतक की पहचान रंजीत सिंह सरयाम (45 वर्ष) पिता जमेदार सरयाम, निवासी ग्राम हिररी, थाना चौरई, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई। रंजीत सरयाम 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल, छिंदवाड़ा में पदस्थ थे और वर्तमान में ई-कंपनी उमरिया में तैनात थे। वे 6 जनवरी से ड्यूटी से गायब थे।
लालच ने दोस्त को बनाया हैवान
पुलिस जांच में सामने आया कि रंजीत सरयाम की हत्या पूरी तरह लूट के इरादे से की गई थी। मुख्य आरोपी सुदामा पिंजारे (37 वर्ष) निवासी डहुआ ढाना, थाना मुल्ताई, जवान का दोस्त था। बाइक और कीमती सामान देखकर उसकी नीयत डोल गई और उसने दोस्ती की सारी हदें पार करते हुए निर्मम हत्या कर दी।
शिनाख्त छिपाने के लिए नाले में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के इरादे से शव को झिरी नाले में फेंक दिया। मृतक की मोटर साइकिल को बैतूल–नागपुर हाईवे पर स्थित ट्रीट-47 ढाबा के पास छिपा दिया गया। आरोपी ने करीब 1 लाख 15 हजार रुपये मूल्य का सामान लूट लिया।
सीसीटीवी फुटेज से टूटी साजिश
इस हत्याकांड की अहम कड़ी पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मिली। फुटेज में मृतक के साथ बाइक पर एक अन्य व्यक्ति दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सुदामा पिंजारे को कामथ रोड पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या और लूट की वारदात कबूल कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि रामदयाल उर्फ बबलू खवसे (36 वर्ष) निवासी परमंडल ने मुख्य आरोपी को बचाने और साक्ष्य छिपाने में मदद की थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की मोटर साइकिल, दोनों आरोपियों की एक-एक मोटर साइकिल, मृतक का बैग, नेम प्लेट, पर्स, मोबाइल और घरेलू सामान से भरी बोरी जब्त की है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव




साइन इन