मैं हाथ जोड़ती रही, वो मेरे पति को पीटते रहे... MP में गुंडों ने मासूम बेटी को भी नहीं छोड़ा
एमपी के छतरपुर में सड़क पर गुंडों ने परिवार के साथ जमकर मारपीट की। मासूम बच्ची को भी नहीं छोड़ा। पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मामूली टक्कर के बाद एक परिवार पर कई लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पत्रकार और पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय योगेंद्र श्रीवास अपनी पत्नी 25 वर्षीय कोमल श्रीवास और करीब 2 वर्षीय बेटी आन्वी के साथ ओला स्कूटी से सागर रोड से छतरपुर सौरा रोड आ रहे थे। परिवार सौरा रोड स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान महोबा रोड पर एक बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष ने बताया की दुर्घटना के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन पर कई लोगों ने एक साथ हमला कर दिया।
"मैं हाथ जोड़ती रही, लेकिन कोई नहीं रुका"
घटना में घायल कोमल श्रीवास ने बताया कि हमलावर बेहद आक्रामक थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मासूम बेटी आन्वी को सड़क पर फेंक दिया गया और उनके पति योगेंद्र को बेरहमी से पीटा गया। कोमल के अनुसार, "मैं लगातार हाथ जोड़कर उन्हें रोकने की कोशिश करती रही। रोती रही, गिड़गिड़ाती रही, लेकिन वे मेरे पति को मारते रहे। मेरी बेटी को भी नहीं बख्शा। मारपीट के दौरान बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।"
पति-पत्नी और मासूम बच्ची घायल
हमले में योगेंद्र श्रीवास और उनकी पत्नी कोमल को गंभीर चोटें आई हैं। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी आन्वी भी घायल हुई है। सभी का उपचार कराया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
कवरेज करने पहुंचे पत्रकार पर हमला
घटना के बाद जब स्थानीय पत्रकार उमा पटेल कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे तो उनके ऊपर भी कथित रूप से पथराव किया गया। बताया जा रहा है कि पत्थर लगने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस पर भी पथराव का आरोप
सूचना मिलने पर पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और पथराव किया। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बाद में छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इन आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने जुल्फी खान, छोटू, साहिल खान, नीशू खान, भूरा दादा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
रिपोर्ट- जयप्रकाश




साइन इन