सास गिरिबाला सिंह ने विदाई पर मांगे थे 2 लाख रुपये, ट्विशा केस में CBI की FIR
सीबीआई ने ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के संबंध में दहेज हत्या का FIR दर्ज की है। एफआईआर में गिरिबाला सिंह पर बेटे समर्थ सिंह की शादी में 'विदाई' के समय ट्विशा के परिवार से 2 लाख रुपये मांगने का आरोप है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने सोमवार को ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। सीबीआई इस मामले में दहेज हत्या, उत्पीड़न, साज़िश और अन्य संभावित अपराधों की जांच कर रही है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, सीबीआई की इस एफआईआर में गिरिबाला सिंह पर दिसंबर में अपने बेटे समर्थ सिंह की शादी के वक्त 'विदाई' के समय ट्विशा शर्मा के परिवार से 2 लाख रुपये मांगने का भी आरोप है। सीबीआई ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ-साथ दहेज एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच भी शुरू कर दी है।
12 मई को हुई थी ट्विशा की रहस्यमयी मौत
नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव शादी के महज 5 महीने बाद 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उनके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला था। ट्विशा की सास जहां पूर्व जिला जज हैं, वहीं उसके पति पेशे से वकील हैं। ट्विशा के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल वालों ने दावा किया कि उसे ड्रग्स की लत थी।
ट्विशा को शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने का आरोप
ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की शादी बीते साल 9 दिसंबर 2025 को हुई थी। ट्विशा के मायकेवालों ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर शादी के बाद से ही बेटी को दहेज को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। एफआईआर के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने विदाई के समय ट्विशा के परिवार से 2 लाख रुपये मांगे थे, जो उन्होंने उनकी जिद पर दे दिए थे।
SC ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने सोमवार को इस स्वत: संज्ञान मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि वह सुनिश्चित करेगी कि इस मामले की जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और पूर्वाग्रह रहित हो। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया से भी ट्विशा शर्मा की मौत की रिपोर्टिंग में संयम बरतने की अपील की है। भोपाल पुलिस ने भी इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा दहेज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में ट्विश के पति समर्थ सिंह और उनकी सास एवं पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को नामजद किया गया है।




साइन इन