तुम मुझे डिजर्व नहीं करते, काले हो...; पति देवकृष्ण की हत्या कराने वाली प्रिंयका को था खूबसूरती का घमंड
देवकृ्ष्ण की बहन ज्योति ने बताया कि कैसे भाभी प्रियंका भैया के साथ हमेशा झगड़ा करती थी। प्रियंका का प्रेमी कमलेश के साथ अवैध संबंध था। प्रियंका ने पति की हत्या करा दी और रोते हुए लुटेरों वाली कहानी सुनाई। बाद में सच कुछ और निकला।

मध्य प्रदेश के धार जिले में पति देवकृष्ण की हत्या कराने के आरोप में गिरफ्तार की गई प्रियंका को लेकर कई नई जानकारी सामने आई है। रोते-विलाप करते 'लुटेरों वाली कहानी' सुनाते हुए उसका वीडियो देखकर कौन कह सकता है कि उसने खुद अपना सुहाग उजाड़ा है। इस बीच देवकृष्ण की बहन ने बताया है कि किस तरह उसके भाई और भाभी के बीच रिश्ते में कड़वाहट घुल चुकी थी। खूबसूरती के लिए खुद पर नाज करने वाली प्रियंका अपने पति देवकृष्ण से कहती थी कि तुम मुझे डिजर्व नहीं करते, काले हो।
धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात देवकृष्ण की हत्या कर दी गई थी। घटना को पत्नी ने पहले तो लूट का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ में वह टूट गई और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने महज 36 घंटे में इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। प्रियंका और कमलेश ने अपने दोस्त सुरेंद्र को हत्या की सुपारी दी थी।
देवकृष्ण की बहन ज्योति ने मीडिया से बातचीत में बताया कि किस तरह उसकी भाभी का दूसरे लड़के संग प्रेम संबंध था और वह उसके भाई को पसंद नहीं करती थी। वह अक्सर ताने मारती थी और कहती थी कि उसे कोई अच्छा लड़का डिजर्व करता है। ज्योति ने कहा, ‘उसका व्यवहार बहुत बुरा था। हमेशा चिड़चिड़ापन, हमेशा झगड़ा... ऐसा व्यवहार करना जैसे जबरन रखा गया हो। मैं और मम्मी दिखनी नहीं चाहिए, भैया से भी हर समय झगड़ा करती थी। उन्हें कमरे में नहीं जाने देती थी। कहती थी कि तुम मुझे डिजर्व नहीं करते। तुम मेरे लायक नहीं हो, तुम काले हो... मुझे कोई अच्छा सा लड़का डिजर्व करता है। तुम मुझे तलाक दे दो, तुम मुझे घुमाने नहीं ले जाते हो। तुम मुझे खुश नहीं कर पाते हो। मेरी कौन सी ख्वाहिश पूरी की?’
दिनभर फोन पर करती थी बात: ज्योति
ज्योति ने कहा कि प्रियंका का शादी के समय से ही अफेयर चल रहा था और अब तक जारी थी। वह (कमलेश) हर 3-4 दिन में गांव में आता था। गली से निकलता था और भाभी खिड़की पर रहती थी। भैया का भी सब पता चल चुका था। ज्योति ने कहा, 'मैंने एक दो बार भाभी को उसके साथ बात करते भी देख लिया था। उन्हें डर रहता था कि मैं उन्हें देख ना लूं, फोन ना चेक कर लूं। मैं किचन में होती थी तो वह बाहर निकल जाती थी, खिड़की पर जाकर बात करती थी, वह कमरा बंद करके बात करती थी। दिनभर वह फ्रेंड्स के नाम पर उस लड़के से बात करती थी। एक दो बार भैया का कॉलर पकड़ा, गालियां दी थी।' प्रियंका एक बार घर छोड़कर मायके भी चली गई थी और काफी मान मन्नोवल के बाद वापस आई थी, लेकिन अपनी शर्तों पर।
बचपन की शादी और फिर दूरी
एसपी मयंक अवस्थी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया था कि आरोपी पत्नी प्रियंका पुरोहित (25) का देव कृष्ण पुरोहित (28) के साथ विवाह तभी हो गया था जब वह महज 15 साल की थी। शादी के रस्म के बाद दोनों अपने अपने परिवार के साथ रहे। 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद प्रियंका अपने ससुराल आ गई लेकिन वह देव कृष्ण के साथ रहने के लिए राजी नहीं थी और इसी कारण दोनों में अक्सर विवाद होता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि देवकृष्ण के पास आने से पहले से ही प्रियंका का आरोपी कमलेश (32) संग प्रेम संबंध था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भले ही सामाजिक तौर पर देव कृष्ण प्रियंका का पति था लेकिन उसका लगाव कमलेश के प्रति था। वह देवकृष्ण को अपने पति के रूप में कभी स्वीकार नहीं कर पाई।
हत्या के बाद लूट का किया था नाटक
पुलिस ने बताया कि प्रियंका ने पहले इस हत्याकांड को लूट की घटना बताई थी और शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने घर पर सो रही थी तभी कुछ बदमाश वहां घुस गए और देव कृष्ण के सर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रियंका ने कहा था कि बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर दूसरे कमरे में छोड़ दिया और कीमती सामान लूट कर ले गए। उसने पुलिस को बताया था कि बदमाशों के हमले में उसके पति की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रियंका के लगातार बदलते बयानों और उसके हाव-भाव से पुलिस को शक हुआ। उन्होंने कहा कि इसके बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया।




साइन इन