Dewas Massive Explosion at Firecracker Factory in Tonkkala 3 Dead Several Injured Death Toll Feared to Rise मध्य प्रदेश के पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 3 की मौत; बिहार भी टेंशन में, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मध्य प्रदेश के पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 3 की मौत; बिहार भी टेंशन में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके इतने शक्तिशाली थे कि फैक्ट्री के टीन शेड हवा में उड़कर एबी रोड तक जा पहुंचे। विस्फोट का मंजर इतना भयावह था कि सड़क पर दूर-दूर तक मलबा फैल गया। कुछ शव और मांस के लोथड़े तक सड़क तक आ गिरे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

Thu, 14 May 2026 12:48 PMMohit लाइव हिन्दुस्तान, देवास
share
मध्य प्रदेश के पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 3 की मौत; बिहार भी टेंशन में

देवास के समीप टोंककला के समीप एबी रोड पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार सुबह हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री में अचानक लगी आग के बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होते रहे, जिससे आसपास कई किलोमीटर तक कंपन महसूस किया गया। हादसे में अब तक तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। कई घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके इतने शक्तिशाली थे कि फैक्ट्री के टीन शेड हवा में उड़कर एबी रोड तक जा पहुंचे। विस्फोट का मंजर इतना भयावह था कि सड़क पर दूर-दूर तक मलबा फैल गया। कुछ शव और मांस के लोथड़े तक सड़क तक आ गिरे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एमपी के देवास में दूसरे दिन भी कई मकान दुकानों पर बुलडोजर ऐक्शन; क्या वजह?

काला धुआं उठता रहा

घटना के बाद फैक्ट्री परिसर से लगातार काला धुआं उठता रहा। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण कोई भी फैक्ट्री के करीब जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे रखे हुए थे, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में काम कर रहे कई श्रमिक बिहार के रहने वाले हैं। हादसे के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। विस्फोट के बाद कई लोग आग की चपेट में आ गए और कुछ मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दबंगई पड़ी भारी; देवास में जज का रास्ता रोकने पर BJP नेता पर केस, बुलडोजर भी चला

प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड बुलाई

सूचना मिलते ही देवास जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर भेजीं। आग बुझाने के दौरान भी बीच-बीच में धमाके होते रहे, जिससे राहत कार्य में काफी दिक्कत आई।

गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल देवास भेजा गया। अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम तैनात की गई है और कई घायलों का इलाज आईसीयू में चल रहा है। बताया गया कि सुबह करीब 11:25 बजे पहला गंभीर घायल अस्पताल पहुंचा था, जिसके बाद लगातार घायलों को लाया जाता रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP: देवास में पंप पर लगी थीं कतारें, वाहन छोड़ घोड़े पर दफ्तर पहुंचा शख्स- VIDEO

मौके पर बम निरोधक टीम

प्रशासन फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने में जुटा है। फैक्ट्री परिसर में अब भी बारूद और विस्फोटक सामग्री मौजूद होने के कारण पुलिस ने आसपास का इलाका खाली करा दिया है। मौके पर बम निरोधक और तकनीकी टीमों को भी सतर्क रखा गया है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।

सीएम ने किया मुआवजे का एलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर कहा ‘देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’

रिपोर्ट -हेमंत

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।