एमपी के देवास में दूसरे दिन भी कई मकान दुकानों पर बुलडोजर ऐक्शन; क्या वजह?
मध्य प्रदेश के देवास में बड़ी संख्या में मकान और दुकानों पर बुलडोजर ऐक्शन हो रहा है। बुल्डोजर की कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। मौके पर नगर निगम आयुक्त भी मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश के देवास में 216 मकान और दुकानों पर बुलडोजर ऐक्शन होना है। इन मकान दुकानों को हटाने के लिए अतिक्रमण की कार्यवाही शुक्रवार से चल रही है। यह कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। दरअसल, शहर में 15 मीटर सड़क चैड़ीकरण का काम चल रहा है। साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से तैयार योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ ही बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाना है। शुक्रवार से शुरू हुई कार्रवाई से व्यापारियों के साथ स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई। लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे।
देवास के MG रोड पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। बताया जाता है कि शुक्रवार को जिन दुकानों और मकानों को स्वयं निर्माण हटाने का मौका दिया गया था उनमें से कई ने अतिक्रमण नहीं हटाए थे। इसके बाद नगर निगम ने शनिवार को उन अवैध हिस्सों को हटाया। अतिक्रमण शांतिपूर्ण ढंग से हटाने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। मौके पर नगर निगम आयुक्त भी मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त दलीप सिंह ने खुद एमजी रोड पहुंचकर मुहिम का जायजा लिया। कार्रवाई के लिए कुल 216 निर्माणों को चिह्नित किया गया है। मुहिम के दौरान कई दुकानदारों ने आगे आकर अतिक्रमण हटाने में मदद की। नगर निगम की टीम में बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी शामिल हैं। यह टीम 3 जेसीबी यानी बुलडोजर मशीनें, एक पोकलेन, 2 डंपर, 2 ट्रैक्टर ट्रॉलियों से लैस है।
देवास निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि यह काम शालिनी रोड स्थित जनता बैंक से शुरू होकर सुभाष चौक तक आगे बढ़ा है। आयुक्त के अनुसार अतिक्रमण हटने के बाद रोड के दोनों ओर ड्रेनेज लाइन का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद बाकी सड़क का निर्माण किया जाएगा।
एमजी रोड पर सीवरेज लाइन डालने का काम भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है जिसका टेंडर लग चुका है और जल्द फाइनलाइज हो जाएगा। नगर निगम आगे की कार्रवाई तहसील चौराहा तक बढ़ाने की तैयारी में है। देवास निगम आयुक्त दलीप कुमार ने आगे बताया MG रोड को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना के तहत 63 प्रॉपर्टी चिह्नित की गई थीं जिनमें से 8 पर स्टे है। अब तक 55 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। जल्द ही एमजी रोड का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।




साइन इन