Daylight Bank Robbery in Singrauli, MP, Robbers Flee with Lakhs in Cash and Gold MP के सिंगरौली में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में बैंक में लूट, लाखों का कैश व सोना लेकर फरार, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP के सिंगरौली में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में बैंक में लूट, लाखों का कैश व सोना लेकर फरार

वारदात के वक्त बैंक में कोई गार्ड नहीं था, जिसकी वजह से करीब 20 से 30 मिनट तक अंदर रहे बदमाशों ने बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाया, और अंत में बैंक में रखी नकदी और बैंक में रखा गोल्ड लेकर फरार हो गए।

Fri, 17 April 2026 04:36 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, सिंगरौली, मध्य प्रदेश
share
MP के सिंगरौली में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में बैंक में लूट, लाखों का कैश व सोना लेकर फरार

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बैढन स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 4 से 5 हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बैंक के भीतर घुसकर, लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया, और चंद मिनटों में लाखों रुपए का कैश और सोना समेटकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने बैंक मैनेजर और वहां मौजूद एक ग्राहक के साथ मारपीट भी की। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज डकैती की घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

उधर इस वारदात की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, तो वहां भी खलबली मच गई और भारी पुलिस बल के साथ पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बैंक के कर्मचारियों और अंदर मौजूद ग्राहकों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बैंक का CCTV फुटेज को कब्जे में ले लिया, और बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई, साथ ही आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'सायरन बजाया, हॉर्न मारा फिर भी...' 5 को थार से कुचल क्या बोला दिनेश लोधी

पहले दो बदमाश घुसे, बाद में उनके तीन साथी भी आए

वारदात के वक्त बैंक के अंदर मौजूद लोगों ने बताया कि दो हथियारबंद बदमाश बैंक के अंदर घुसे, और बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में तीन अन्य बदमाश भी बैंक में पहुंचे, और उन्होंने सभी ग्राहकों और कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर डराया-धमकाया। बदमाशों ने बैंक मैनेजर से नकदी की जानकारी मांगी, और जानकारी न देने पर उनके साथ मारपीट की गई, इस दौरान एक ग्राहक के साथ भी मारपीट की गई और उसे बंदूक का बट मारा गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बुर्का पहनकर लौटी बेटी तो धर्मांतरण और रेप का खुलासा, MP की 3 बच्चियों संग ऐसा

वारदात के वक्त बैंक में नहीं मौजूद था कोई गार्ड

बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त बैंक में कोई गार्ड नहीं था, जिसकी वजह से करीब 20 से 30 मिनट तक अंदर रहे बदमाशों ने बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाया, और अंत में बैंक में रखी नकदी और बैंक में रखा गोल्ड लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी लगने के बाद, सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री दलबल के साथ खुद मौके पर पहुंचे, और स्थिति का जायजा लिया।

कुल कितने की लूट हुई इसकी जानकारी नहीं

सिंगरौली एसपी ने बताया कि हालांकि बदमाश कुल कितना कैश और गोल्ड लेकर फरार हुए हैं, इस बात की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। लेकिन अधिकारियों ने इतना जरूर बताया कि बैंक में कल का साढ़े चार लाख रुपए कैश रखा था, वो बदमाश ले गए और आज का कैश और बैंक में रखा गोल्ड भी ले गए। कुल मिलाकर कैश कितना था इसका आंकड़ा बाद में स्पष्ट हो पाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में प्रेमी जोड़े ने दी जान, एक ही गोत्र की वजह से घरवाले नहीं हो रहे थे तैयार

लुटेरों की तलाश के लिए चार टीमों का गठन

बदमाशों की तलाश में पुलिस की चार टीमें बनाई गई है, शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है। बैंक और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि लुटेरों के भागने के रूट का पता चल सके। फिल्मी स्टाइल में हुई दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हर कोई हैरान है, इस घटना से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसा लग रहा है जैसे बदमाशों में पुलिस का खौफ ही नहीं है, इसलिए उन्होंने दिनदहाड़े इस घटना को अंजाम दिया, और फिर बड़ी आसानी से मौके से फरार भी हो गए।

रिपोर्ट: सादाब सिद्दीकी

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।