बुर्का पहनकर लौटी बेटी तो धर्मांतरण और रेप का खुलासा, MP की 3 बच्चियों संग ऐसा
अशोकनगर जिले की एक बेटी भोपाल से बुर्के में लौटी तो घरवाले देखकर हैरान रह गए। पूछने पर उसने धर्मांतरण और रेप का खुलासा किया। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। तीन पीड़िताएं सामने आ चुकी हैं।

अशोकनगर जिले की एक हिंदू लड़की सहित तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यह घटना भोपाल में हुई, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब अशोकनगर की पीड़िता दो अन्य लड़कियों के साथ बुर्का पहने अपने घर पिपरई लौटी। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पिपरई निवासी पीड़िता की मां ने गुरुवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी भोपाल में अपने मामा के यहां रहने गई थी। वह दो अन्य लड़कियों के साथ बुर्का पहने अशोकनगर लौटी। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि पिपरई की लड़की के अलावा भोपाल की दो अन्य नाबालिगों के साथ भी धर्म परिवर्तन और दुष्कर्म की वारदात हुई है।
अशोकनगर एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि पिपरई की रहने वाली लड़की करीब चार महीने पहले पिपरई रेलवे स्टेशन पर भोपाल निवासी अलतमश नामक आरोपी से मिली थी। पीड़िता ने बताया है कि अलतमश ने उसे बहला-फुसलाकर उसका 'ब्रेन वॉश' किया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी अलतमश के साथी अरहान खान और आहत खान ने भोपाल की रहने वाली पीड़िता की दो सहेलियों को भी झांसे में लेकर उनके साथ दुष्कर्म किया और उनका भी धर्म परिवर्तन कराया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के लोग भी पीड़ित बच्चियों के परिजनों के साथ थाने पहुंचे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु भी प्रयास शुरू कर दिया है। बताया यह भी गया है की एक आरोपी इस समय किसी दूसरे अपराध में जेल में बंद है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जायेगा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन