MP में किसान को खुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में BJP नेता पर FIR, वीडियो बना अहम सबूत
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान किसान के मोबाइल से मिले वीडियो, ऑडियो और अन्य साक्ष्य बेहद अहम साबित हुए। जिसके बाद परिजनों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए भाजपा नेता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया।

मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में एक किसान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने भाजपा नेता और पूर्व विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए विदिशा पुलिस के अधिकारी अतुल सिंह ने सोमवार को बताया कि सोगई क्षेत्र में रहने वाले किसान गोविंद गुर्जर का शव 27 अप्रैल को पीपल वाली पुलिया के नजदीक रेलवे पटरी पर मिला था। उन्होंने कहा कि मृतक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। शशांक भार्गव मार्च 2024 में कांग्रेस छोड़कर सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए थे।
मामले की गंभीरता और लोगों के गुस्से को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने मामले में सच का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। जांच में सामने आया कि भार्गव ने किसान पर मकान का अनुबंध करने का दबाव बनाया और उसे आर्थिक रूप से परेशान किया। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर किसान ने यह कदम उठा लिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार शाम को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो व परिजन के बयान बने अहम सबूत
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान किसान के मोबाइल से मिले वीडियो, ऑडियो और अन्य साक्ष्य बेहद अहम साबित हुए। जिसके बाद परिजनों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए भाजपा नेता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस धारा में दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
किसान ने वीडियो में लगाए थे बेहद गंभीर आरोप
किसान ने आत्माहत्या से ठीक पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में गोविंद गुर्जर ने आरोप लगाया था कि उनसे पैसे नहीं लौटाए जा रहे हैं और रुपए लौटाने के बदले में उस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा विधायक मुकेश टंडन पर हमला करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उधर पूर्व विधायक भार्गव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि गोविंद उनकी जमीन बटाई पर लेता था और उनके बीच कोई विवाद या दबाव नहीं था। उन्होंने कहा था कि लगता है मुझे फंसाने के लिए यह वीडियो बनवाए गए और बाद में गोविंद गुर्जर की हत्या कर दी गई।




साइन इन