'तेरे बगैर हम कैसे जिंदा रहेंगे…' गाने पर रील बनाकर पोस्ट किया, फिर फांसी लगाकर जान दे दी
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने जान देने से पहले 'तेरे बगैर हम कैसे जिंदा रहेंगे, तेरे घर के सामने अपनी जान दे देंगे' गाने पर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म में पोस्ट किया। यह रील सोशल मीडिया में वायरल हो रही है।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने जान देने से पहले 'तेरे बगैर हम कैसे जिंदा रहेंगे, तेरे घर के सामने अपनी जान दे देंगे' गाने पर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म में पोस्ट किया। यह रील सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों की माने तो इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की जांच कर रही है।
यह पूरा मामला रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलचट का है। मृतक की पहचान राज खान के रूप में हुई है। वह पेशे से मिस्त्री था और टाइल्स लगाने का काम करता था। चार दिन पहले ही उसे रीवा से मुंबई भेजा गया था, लेकिन वह वहां एक दिन भी नहीं रुका और शुक्रवार की शाम वापस अपने गांव सिलचट वापस आ गया। पूरे परिवार के साथ रात में खाना खाया और अपने कमरे में सोने के लिए चला गया।
कमरे में जाकर उसने एक दर्द भरे गाने 'तेरे बगैर हम कैसे जिंदा रहेंगे, तेरे घर के सामने अपनी जान दे देंगे'गाने पर रील बनाई। इस रील को उसने सोशल मीडिया पर अपलोड किया और घर में ही रखी रस्सी से फंदा लगा ली। सुबह जब मां के आवाज देने पर वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो मां ने बड़े भाई को आवाज दी। बड़े भाई ने खिड़की से झांक कर देखा तो राज फांसी के फंदे पर लटक रहा था। फौरन ही इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जिस तरह से युवक ने मरने से पहले रील बनाई, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा कि गांव में ही युवक का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था। उसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, परिजनों की मानें तो उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। मृतक के भाई पप्पू खान का कहना है कि हमने उसे काम करने मुंबई भेज दिया था। पता नहीं कैसे वह वापस रीवा आ गया। आजकल के लड़के तो इस तरीके की रील बनते ही हैं। मां से बात करूंगा तो सारी बात पता चलेगी।
वहीं, रीवा के एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा का कहना है कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य निकाल कर सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन